बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे आज आने वाले हैं। 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। आज सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती होगी। पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में होगी। स्नातक नि
चुनाव के दौरान पटना में फर्जी वोटर कार्ड से मतदान की कोशिश, मोकामा में अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की और पुलिस की कार्रवाई के मामले सामने आए थे। ऐसे में मतगणना के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता पर खास नजर रहेगी।
चार स्नातक और चार शिक्षक सीट पर हुए चुनाव में कुल 150 प्रत्याशी मैदान में थे। पटना में जदयू के नीरज कुमार और जनसुराज के अनुज सिंह के बीच मुकाबले पर नजर रहेगी।
8 केंद्रों पर होगी मतगणना, पटना में खास व्यवस्था
बिहार की 8 विधान परिषद सीटों के लिए अलग-अलग मतगणना केंद्र निर्धारित किए गए हैं। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना पूर्णिया स्थित बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के क्षेत्रीय कार्यालय में होगी।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए छपरा के एसवीएन राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को केंद्र बनाया गया है। तिरहुत शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी के प्रशासनिक भवन में होगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, CCTV से निगरानी
पटना में मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था की तैयारियां की हैं। बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण कर अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया था।
मतगणना केंद्र पर सुरक्षा बलों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और प्रवेश व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए गए थे। मतगणना केंद्र में प्रवेश के लिए वैध पहचान पत्र की व्यवस्था रखी गई थी।
RJD ने चुनाव आयोग को लिखा था पत्र
काउंटिंग से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर मतगणना निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की थी। पार्टी ने संदिग्ध मतपत्रों पर फैसला पहली वरीयता के मतों की गिनती शुरू होने से पहले लेने का अनुरोध किया था।
RJD ने मतगणना के दौरान मतपत्रों पर अतिरिक्त निशान लगाने से रोकने और वायलेट पेन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी की थी। पार्टी ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव का हवाला देते हुए मतपत्रों से छेड़छाड़ रोकने के लिए सतर्कता बरतने की बात कही थी।
पार्टी ने मतपत्रों को वैध या अवैध घोषित करने के लिए सभी अधिकारियों को समान नियमों का पालन करने, मतगणना की वीडियोग्राफी कराने और CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की थी।
इसके साथ ही उम्मीदवारों के एजेंटों को गड़बड़ी मिलने पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका देने और अंतिम परिणाम घोषित करने से पहले मतों की गिनती व आंकड़ों का मिलान करने का अनुरोध किया था।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 43.87% हुई थी वोटिंग
23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 43.87% और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 74.55% वोटिंग हुई है।
मिलर हाईस्कूल बूथ पर फर्जी वोटर कार्ड से मतदान की कोशिश
23 अक्टूबर को मतदान के दौरान पटना के मिलर हाईस्कूल स्थित बूथ पर फर्जी मतदान की कोशिश का मामला सामने आया था। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार फर्जी वोटर कार्ड के जरिए मतदान करने पहुंचे तीन युवकों को पकड़ा गया था। इस घटना के बाद मतदान केंद्रों पर पहचान की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे।
मोकामा में अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थक भिड़े
मतदान के दौरान मोकामा में अनंत सिंह और जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हुई थी। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया था।
इसके अलावा पटना में अनंत सिंह के समर्थक छोटू सिंह को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद अनंत सिंह ने वीडियो कॉल के जरिए छोटू सिंह से बात की थी।
मोकामा में कई जगह विरोध और समर्थकों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर अनंत सिंह ने कहा था कि वह सरकार के विरोध में हैं, इसलिए पुलिस ने उनके कई समर्थकों को पकड़कर थाने में बैठा दिया। उन्होंने दावा किया था कि इन घटनाओं से उन पर कोई असर नहीं पड़ेगा, बल्कि इससे उन्हें फायदा ही होगा।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.