Feedback
हवाई जहाज में सफर के दौरान लोग अक्सर फिल्में देखते हैं, गाने सुनते हैं या फिर चाय-कॉफी पीकर समय बिताते हैं. लेकिन एक यात्री को सफर के दौरान कुछ ऐसा मिला, जिसने उसके लिए चाय पीने के समय को भी मजेदार बना दिया. दरअसल, एयर इंडिया की फ्लाइट में एक यात्री को चम्मच और दूसरे खाने के सामान की पैकिंग पर एक खास पहेली दिखाई दी. इस पर कुछ नंबर लिखे थे, जिन्हें देखकर किसी के लिए भी यह जानना दिलचस्प हो सकता है कि आखिर इनका मतलब क्या है.
चम्मच-कांटे की पैकिंग पर लिखा था खास कोड
यह मामला तब सामने आया, जब रितेश नाम के एक यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस पहेली की तस्वीर शेयर की. उन्होंने बताया कि 35 हजार फीट की ऊंचाई पर फ्लाइट में चाय पीते समय उन्हें यह ब्रेन टीजर मिला. उन्होंने लोगों से इसे बिना गूगल पर जवाब खोजे हल करने की चुनौती भी दी. इस पैकिंग पर 10 27 18 27 27 4 20-1-20-1 नंबर लिखे थे. पहली नजर में ये नंबर किसी सामान्य कोड की तरह लग सकते हैं, लेकिन इनके पीछे एक आसान तरीका छिपा है.
कैसे सुलझेगी यह पहेली?
इस पहेली को हल करने के लिए इंग्लिश के अल्फाबेट की गिनती समझनी होगी. इंग्लिश के अल्फाबेट में A को 1, B को 2, C को 3 और इसी तरह Z को 26 नंबर दिया जाता है. यानी हर नंबर एक अंग्रेजी अक्षर को दिखाता है. इस कोड में 27 नंबर का इस्तेमाल पूर्ण विराम यानी फुल स्टॉप के लिए किया गया है. इन नंबरों को अक्षरों में बदलने पर एक खास नाम सामने आता है. क्या आप अंदाजा लगा पाए कि वह नाम किसका है?
जवाब में छिपा है भारतीय विमानन इतिहास का खास नाम
इस पहेली का जवाब है जेआरडी टाटा (J.R.D. Tata). वह भारत में नागरिक विमानन की शुरुआत करने वाले प्रमुख लोगों में से एक थे. साल 1932 में उन्होंने टाटा एयरलाइंस की शुरुआत की थी, जो आगे चलकर एयर इंडिया बनी. इस तरह एयर इंडिया की फ्लाइट में रखी गई यह छोटी-सी पहेली केवल यात्रियों का मनोरंजन करने का तरीका नहीं है, बल्कि भारत के विमानन इतिहास से जुड़ी एक अहम शख्सियत की याद भी दिलाती है. सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इस पहेली को हल करने और इसके जवाब पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू