Feedback
महाराष्ट्र MLC चुनाव परिणाम और ताजा रुझान
कर्नाटक MLC चुनाव परिणाम में NDA का क्लीन स्वीप
बिहार की 8 सीटों का परिणाम
UP: एक स्नातक तथा पांच शिक्षक क्षेत्र के उम्मीदवार विजयी घोषित
बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव परिणाम अपडेट
तेजस्वी का चुनाव आयोग पर निशाना
अखिलेश ने सपा कार्यकर्ताओं से की अपील,जश्न मनाने से बचने की सलाह
पुणे में शरद पवार की पार्टी और बीजेपी में कड़ा मुकाबला
जीते उम्मीदवारों का स्वागत, भविष्य में बेहतर करने की कोशिश करेंगे: संतोष सुमन
आगरा MLC चुनाव में हंगामा
अनंत सिंह बोले- जनता ही भगवान और असली मालिक है
पुणे शिक्षक MLC चुनाव रिजल्ट अपडेट
नागपुर MLC चुनाव का मामला हाईकोर्ट पहुंचा
शिक्षक पूरी तरह समाजवादी पार्टी के साथ खड़े रहे: लाल बिहारी यादव
कर्नाटक MLC चुनाव: पश्चिम स्नातक सीट पर एस.वी. संकनूर की ‘हैट्रिक’ जीत
बिहार शिक्षक चुनाव में सभी सीटिंग एमएलसी चुनाव हारे
सवाल उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब मिला: नीरज कुमार
चार राज्यों की 28 सीटों का ताजा अपडेट
बिहार MLC चुनाव परिणाम :RJD, BJP और जन सुराज का खाता खुला, स्नातक सीटों पर सस्पेंस जारी
लखनऊ खंड शिक्षक व स्नातक MLC चुनाव अपडेट
पटना में नीरज कुमार आगे, नवल यादव पिछड़े
उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की कुल 28 विधान परिषद (MLC) सीटों के लिए मतगणना की प्रक्रिया जारी है. फिलहाल मिला-जुला जनमत सामने आया है. उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में से घोषित 6 नतीजों में बीजेपी ने लखनऊ, मेरठ और बरेली की 4 सीटों पर परचम फहराया, जबकि आगरा और वाराणसी में सपा को सफलता मिली. बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है.
बिहार की 4 शिक्षक सीटों के नतीजों में आरजेडी (पटना), बीजेपी (तिरहुत), जन सुराज (दरभंगा) और निर्दलीय (सारण) ने जीत हासिल की, जबकि स्नातक सीटों पर मतगणना जारी है. कर्नाटक में एनडीए गठबंधन ने 3 बीजेपी और 1 जेडीएस उम्मीदवार की जीत के साथ सभी 4 सीटों पर क्लीन स्वीप किया. वहीं महाराष्ट्र की 5 सीटों पर लगातार उतार-चढ़ाव भरे रुझानों के साथ मतगणना जारी है.
बिहार MLC चुनाव: 4 शिक्षक सीटों के नतीजे आए, BJP को 2 पर जीत, RJD और जन सुराज का भी खुला खाता
महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों पर 28 घंटे की लंबी मतगणना के बाद पहला आधिकारिक नतीजा सामने आ गया है, जहां पुणे शिक्षक सीट से भाजपा के युवा नेता कौस्तुभ गावड़े ने 23,200 वोट हासिल कर एकनाथ शिंदे समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी सचिन सानप (17,000 वोट) और महाविकास अघाड़ी के जयंत आसगावकर (8,000 वोट) को बड़े अंतर से हराते हुए जीत दर्ज की है. वहीं अन्य 4 सीटों पर रुझान जारी हैं, जिनमें पुणे स्नातक सीट पर NCP (SP) की हर्षदा देशमुख (1,11,000 वोट) BJP की स्मिता जाधव (1,02,000 वोट) से आगे चल रही हैं, नागपुर स्नातक सीट पर BJP के सुधाकर कोहले (61,029 वोट) कांग्रेस के अभिजीत वंजारी (56,785 वोट) पर बढ़त बनाए हुए हैं. अमरावती शिक्षक सीट पर शिंदे गुट के किरण सरनाइक (10,672 वोट) जीत की ओर अग्रसर हैं. छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर शरद पवार गुट के प्रतापसिंह पाटिल (73,973 वोट) ने अजीत पवार गुट के 3 बार के एमएलसी सतीश चव्हाण (60,118 वोट) पर निर्णायक बढ़त बनाकर बड़ा उलटफेर कर दिया है. (इनपुट- अभिजीत कंरदे)
कर्नाटक विधान परिषद (MLC) की चारों सीटों पर हुए चुनावों में NDA ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए सभी सीटों पर परचम फहराया है. बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन सीट से JD(S)-NDA के ए.पी. रंगनाथ ने कांग्रेस प्रत्याशी पुत्तन्ना को 908 वोटों से हराया. उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट पर BJP-NDA के शशिल जी. नामोशी ने कांग्रेस के शरणप्पा मत्तूर को 3,297 वोटों से शिकस्त दी. पश्चिम स्नातक सीट से BJP-NDA के एस.वी. संकनूर ने कांग्रेस उम्मीदवार मोहन लिम्बीकाई को 9,323 वोटों के अंतर से पराजित किया, जबकि दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट पर BJP-NDA के के.एम. सुरेश ने कांग्रेस के शशि हुलिकुंटे मुत्त को 23,098 वोटों के भारी अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की. (इनपुट- सगॉय राज)
बिहार की 8 सीटों में से 5 सीटों पर जीत की घोषणा हो गई है जो इस प्रकार है-
1. पटना शिक्षक सीट – BJP के नवल किशोर यादव करीब तीन दशक से विधान परिषद के सदस्य रहे हैं. इस बार RJD के डॉ. संजीव कुमार सिंह ने उन्हें हराकर सीट पर कब्जा कर लिया.
2. तिरहुत शिक्षक सीट – BJP समर्थित NDA उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह को 2,945 वोट मिले. निर्दलीय भूषण झा 2,351 वोटों के साथ दूसरे और CPI के संजय कुमार सिंह 1,967 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 594 वोटों से जीत दर्ज की.
3. दरभंगा शिक्षक सीट- जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के मौजूदा MLC मदन मोहन झा को 324 वोटों से हरा दिया. इस जीत के साथ जन सुराज ने बिहार विधान परिषद की शिक्षक सीट पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर दिया है.
4. सारण शिक्षक सीट – BJP के पूर्व नेता राहुल राज ने निर्दलीय चुनाव लड़कर जीत हासिल की. उन्हें 4,965 वोट मिले. JDU के आनंद पुष्कर को 3,150 और जन सुराज के आफाक अहमद को 2,454 वोट मिले. BJP से टिकट नहीं मिलने के बाद राहुल राज निर्दलीय मैदान में उतरे थे.
5. पटना ग्रेजुएट सीट- पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार की जीत, अनंत सिंह के आवास पर पसरा सन्नाटा, अनुज सिंह का किया था समर्थन.
(इनपुट- रोहित सिंह)
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 05 स्नातक व 06 शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार 01 स्नातक तथा 05 शिक्षक क्षेत्र के उम्मीदवारों को विजयी घोषित कर दिया गया है.
घोषित परिणाम निम्नवत हैं-
1. मेरठ स्नातक क्षेत्र- दिनेश कुमार गोयल (भारतीय जनता पार्टी)
2. लखनऊ शिक्षक क्षेत्र- उमेश द्विवेदी (भारतीय जनता पार्टी)
3. वाराणसी शिक्षक क्षेत्र- लाल बिहारी यादव (समाजवादी पार्टी)
4. आगरा शिक्षक क्षेत्र- डॉo आकाश अग्रवाल (समाजवादी पार्टी)
5. मेरठ शिक्षक क्षेत्र- चंद्र शर्मा (भारतीय जनता पार्टी)
6. बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र- डाo हरि सिंह ढिल्लो (भारतीय जनता पार्टी)
बिहार की 8 विधान परिषद सीटों पर हुए चुनावों में से अब तक 5 सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिनमें से सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय (बीजेपी बागी) राहुल राज, तिरहुत शिक्षक सीट पर बीजेपी के नरेंद्र सिंह, दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के सुरेश राय, पटना शिक्षक सीट पर आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार और पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार ने जीत दर्ज की है. वहीं दूसरी ओर, कोसी स्नातक, दरभंगा स्नातक और तिरहुत स्नातक सीटों पर दूसरे वरीयता के मतों की गिनती के कारण मतगणना अभी भी जारी है. (इनपुट- शशिभूषण)
तेजस्वी यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मतगणना में देरी करना चुनाव आयोग की बदनीयत दर्शाता है. चुनाव आयोग को न्यायसंगत, सक्षम, निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र बनना तो दूर वह अब तटस्थ दिखना भी नहीं चाहता. चुनाव आयोग से अधिक अशुद्ध और आवारा संस्थान इस देश में कोई नहीं है. आख़िरकार कब तक बीजेपी के इशारों पर चुनाव आयोग नाचता रहेगा?’
MLC जीत पर अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को बधाई दी है साथ ही किसी भी तरह के जीत और जश्न जुलुस से बचने की सलाह दी है. अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘आपको और आपके साथियों को जीत की बहुत-बहुत बधाई, लेकिन ध्यान रहे, हमें शांति से इसे सोशल मीडिया के ज़रिए लोगों तक पहुंचाना है. कोई हो-हल्ला या जुलूस नहीं, जिससे भाजपाई हमारे बीच घुसकर माहौल को बिगाड़ न पाएँ और हम पर हुड़दंग करने का आरोप न लगा पाएँ. हमें हर तरह के षड्यंत्र और झूठे आरोपों से बचना है, क्योंकि सामने विधानसभा चुनाव है. भाजपा गुंडागर्दी की साज़िश करके कभी भी हमारी छवि बिगाड़ सकती है. हम आप सबका अभिनंदन स्वयं करेंगे, हो सका तो आपके क्षेत्र में आकर करेंगे. इस बीच आप सभी जीते हुए एमएलसी, उन लोगों की लिस्ट बना लीजिए, जिन्होंने इस जीत में आपका समर्थन-सहयोग करके आपको जिताया है. हम ऐसे सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों का भी सम्मान करेंगे.’
पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना जारी है. NCP (शरद चंद्र पवार) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख को 1,11,279 वोट मिले हैं, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी BJP प्रत्याशी स्मिता जाधव 1,02,427 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर चल रही हैं. इस कड़े मुकाबले में अपनी जीत का आधिकारिक कोटा हासिल करने के लिए हर्षदा देशमुख को अब मात्र 1,816 अतिरिक्त वोटों की जरूरत है. (इनपुट- राहुल)
MLC चुनाव के नतीजों में NDA के प्रदर्शन पर बिहार के मंत्री संतोष सुमन ने कहा, “जनता जिसे भी अपना प्रतिनिधि चुनती है, हम उसका स्वागत करते हैं. हम राज्य के विकास में अपना योगदान देंगे. कुल मिलाकर NDA का प्रदर्शन अच्छा रहा है. मैं NDA के सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देता हूं. जहां हमें हार का सामना करना पड़ा है, हम उसकी समीक्षा करेंगे और भविष्य में बेहतर करने की कोशिश करेंगे.”
आगरा खंड शिक्षक MLC चुनाव की मतगणना के दौरान देर रात नवीन गल्ला मंडी स्थल पर सपा और भाजपा समर्थकों के बीच तीखा विवाद और हाथापाई हुई. सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष और पोलिंग एजेंट अमित प्रताप यादव का आरोप है कि तड़के लगभग 2:30 बजे टेबल नंबर 14 पर जब सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल 2,000 से अधिक वोटों से बढ़त बनाए हुए थे, तब भाजपा उम्मीदवार हरि किशोर तिवारी ने सपा प्रत्याशी पर झपटने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस द्वारा लाए गए 15-25 बिना पास वाले बाहरी लोगों के कारण माहौल हिंसक झड़प में बदल गया और उन्होंने चुनाव आयोग व पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए.
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपने समर्थित उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह की हार स्पष्ट होने के बाद जदयू से निष्कासित विधायक अनंत सिंह ने कहा कि वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है और अब तीसरे या चौथे स्थान का सवाल ही खत्म हो गया है. उन्होंने कहा कि जनता ही भगवान और असली मालिक है, जिसे वह चुनती है वही जीतता है और जिसे नकार देती है वह हार जाता है. अपनी पार्टी से निष्कासन और नेतृत्व से संबंधों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि फैसला लेना पार्टी का अधिकार है और उनका ऐसा कोई बड़ा योगदान नहीं रहा जिससे वे पार्टी पर अपना दावा ठोक सकें.
#WATCH | Patna, Bihar: On the Bihar Graduate MLC election results, JD(U) expelled MLA Anant Singh says, “He (Anuj Singh) has lost. There is no question of third or fourth place anymore; the counting is over. It’s clear he has lost. What can one say?… The public is the ultimate master, like God. Whoever they choose wins; whoever they don’t, loses.” On his recent expulsion and standing with the party leadership, he adds, “The party is the authority; whatever happens, it is the party’s decision. I haven’t made any contribution that would give me a claim over the party…”
पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 26वें दौर की मतगणना पूरी होने के बाद बीजेपी उम्मीदवार कौस्तुभ गावड़े 18,385 वोट हासिल कर अपनी मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी 11,983 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. फिलहाल मतों की गिनती जारी है. (इनपुट- राहुल गायकवाड़)
नागपुर में MLC चुनाव की मतगणना चल रही है. इस बीच नागपुर संभाग के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (स्नातक) से जुड़ा मामला बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर पीठ तक पहुंच गया है. मतदान को रद्द कराने की मांग की गई है. (इनपुट- योगेश पांडे)
वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल करने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने शिक्षक समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष की सकारात्मक सोच के कारण ही सपा ने प्रदेश की हर सीट पर मजबूती से चुनाव लड़ा.उन्होंने कहा कि जैसे ‘नेताजी’को शिक्षकों का नेता माना जाता था, वही सोच उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष की भी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस चुनाव पर UGC बिल का कोई असर नहीं पड़ा क्योंकि बिल से जुड़े लोग आपस में बंटे रहे, जबकि जो शिक्षक अपनी नौकरी की सुरक्षा चाहते थे, वे पूरी तरह समाजवादी पार्टी के साथ खड़े रहे.
धरवाड़ (कर्नाटक) से आ रहे चुनाव नतीजों के अनुसार, कर्नाटक विधान परिषद की पश्चिम स्नातक निर्वाचन सीट BJP के प्रो. एस.वी. संकनूर ने लगातार तीसरी बार (हैट्रिक) शानदार जीत हासिल की है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार मोहन लिम्बीकाई को 9,323 वोटों के अंतर से पराजित किया. जीत के बाद एस.वी. संकनूर ने कहा, ‘इस जीत का पूरा श्रेय मतदाताओं को जाता है. पिछले तीन चुनावों की तुलना में इस बार हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं ने बहुत कड़ी मेहनत की है और आज का यह परिणाम उनकी उसी मेहनत का फल है. इसका श्रेय हमारी पार्टी और पार्टी नेतृत्व को भी जाता है.’
Dharwad, Karnataka: On winning the Karnataka Legislative Council West Graduates’ Constituency election, BJP candidate S.V. Sankanur says, “…The credit should go to voters. Because if you see overall last three elections, this time in this election our party workers have worked very hard. Today’s result is the fruit of their hard work. Credit should go to our party and also party leaders.” He adds, “Kalaburagi and Bengaluru South also we have won. One more constituency – Graduate constituency counting is still going on.”
बिहार विधान परिषद की 4 शिक्षक निर्वाचन सीटों के घोषित नतीजों में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है, जहां सभी सिटिंग एमएलसी चुनाव हार गए हैं. पटना शिक्षक सीट से आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के 5 बार के सिटिंग एमएलसी नवल किशोर यादव को हराया. तिरहुत में भाजपा के नरेंद्र सिंह ने वामदल के सिटिंग एमएलसी संजय कुमार सिंह को शिकस्त दी. दरभंगा में ‘जन सुराज’ के सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के सिटिंग एमएलसी मदन मोहन झा को पराजित किया. सारण सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जन सुराज के सिटिंग एमएलसी आफाक अहमद को हराकर जीत हासिल की.
(इनपुट- शशिभूषण)
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपनी जीत लगभग तय होने के बाद JDU उम्मीदवार नीरज कुमार ने ‘आज तक’ से बातचीत में कहा कि जनता के इस जनादेश ने नीतीश कुमार के नेतृत्व पर सवाल उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दे दिया है, जिससे साफ हो गया है कि राजनीति में धनबल और बाहुबल की कोई जगह नहीं है. बाहुबली अनंत सिंह पर करारा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग कोई स्वामी सहजानंद सरस्वती या महापुरुष नहीं हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे ‘रसगुल्ला’ नहीं बल्कि आने वालों को चाय पिलाते हैं और मोकामा में आगे होने वाले संभावित विधानसभा उपचुनाव में भी वे अपराध के खिलाफ अपने स्टैंड पर कायम रहते हुए एनडीए के अधिकृत उम्मीदवार के लिए मजबूती से प्रचार करेंगे.
(इनपुट- शशिभूषण)
उत्तर प्रदेश (11 सीटें): उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों में से अब तक 6 सीटों के आधिकारिक परिणाम आ चुके हैं. इनमें से भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 5 सीटों-लखनऊ शिक्षक, मेरठ-सहारनपुर शिक्षक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक, मेरठ-सहारनपुर स्नातक और 1 अन्य सीट पर परचम लहराया है. वहीं, वाराणसी शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी (SP) के लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की है. बाकी बची 5 सीटों पर मतगणना जारी है, जिनमें से 3 सीटों पर सपा, 1 सीट पर भाजपा और 1 सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी आगे चल रहे हैं.
बिहार (8 सीटें): बिहार की 8 विधान परिषद सीटों में से 4 शिक्षक निर्वाचन सीटों का रिजल्ट आ चुका है. इनमें पटना शिक्षक सीट से RJD के डॉ. संजीव, तिरहुत शिक्षक सीट से BJP के नरेन्द्र सिंह, दरभंगा शिक्षक सीट से ‘जन सुराज’ के सुरेश प्रसाद राय और सारण शिक्षक सीट से BJP के बागी निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने जीत हासिल की है. बाकी बची 4 स्नातक सीटों पर बैलेट पेपर की गिनती के कारण परिणाम आने में देरी हो रही है, हालांकि पटना स्नातक सीट से JDU के नीरज कुमार लगातार बढ़त बनाए हुए हैं.
कर्नाटक (4 सीटें): कर्नाटक की सभी 4 विधान परिषद सीटों पर एनडीए (BJP + JDS) का पूरी तरह कब्ज़ा रहा है. यहां की 3 सीटों-उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट (शशिल नामोशी), पश्चिम स्नातक सीट (एस.वी. संकनूर) और दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट (के.एम. सुरेश) पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है. वहीं, बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन सीट से JDS के प्रत्याशी ए.पी. रंगनाथ विजयी घोषित हुए हैं.
महाराष्ट्र (5 सीटें): महाराष्ट्र की सभी 5 विधान परिषद सीटों पर मतगणना की प्रक्रिया जारी है और अभी किसी भी सीट का अंतिम परिणाम घोषित नहीं हुआ है. ताजा रुझानों के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर सीट से NCP (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार लगभग 11,000 वोटों से आगे चल रहे हैं. इसके अलावा पुणे शिक्षक सीट पर BJP, पुणे स्नातक सीट पर NCP (SP), नागपुर स्नातक सीट पर BJP (4,000 वोट) और अमरावती शिक्षक सीट पर शिवसेना (शिंदे गुट) के प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं.
(इनपुट- आशीष/ शशिभूषण /विद्या/ नागार्जुन)
बिहार विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों में से 4 शिक्षक निर्वाचन सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं. पटना शिक्षक सीट से RJD के डॉ. संजीव (1057 वोट) और तिरहुत से BJP के नरेन्द्र सिंह (600 वोट) चुनाव जीत गए हैं. सारण सीट पर BJP के बागी निर्दलीय राहुल राज ने 1815 वोटों से बाजी मारी, वहीं दरभंगा में ‘जन सुराज’ के सुरेश प्रसाद राय विजयी रहे. बाकी 4 स्नातक सीटों पर बैलेट वोटों की गिनती के कारण अंतिम नतीजों का इंतजार जारी है. पटना स्नातक सीट से JDU के नीरज कुमार बढ़त के बाद अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं.
लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार उमेश द्विवेदी आखिरी राउंड की मतगणना के बाद लगभग 5,000 मतों की मजबूत बढ़त बनाकर जीत के मुहाने पर खड़े हैं. इस मुकाबले में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुशील कुमार काफी पिछड़ चुके हैं, जिससे उमेश द्विवेदी की जीत लगभग तय मानी जा रही है. दूसरी ओर, इसी क्षेत्र के लखनऊ खंड स्नातक सीट के लिए मतपत्रों की गिनती का सिलसिला अभी जारी है.
बिहार की 8 विधान परिषद सीटों पर जारी मतगणना के बीच राजधानी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दिग्गज नेता नीरज कुमार लगातार बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं अनंत सिंह ने जन सुराज के जिस उम्मीदवार अनुज कुमार सिंहका समर्थन किया था वो पीछे चल रहे हैं. कोसी स्नातक सीट से भाजपा के एनके यादव और दरभंगा स्नातक सीट से बीजेपी उम्मीदवार सर्वेश कुमार आगे चल रहे हैं. तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी और निवर्तमान एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी ने बढ़त बनाई है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू