छोटी चौपड़ पर इस बार दीपावली पर पहली बार रामायण काल का दृश्य साकार होगा। यहां 42 फीट चौड़ी और 36 फीट ऊंची राम सेतु एवं राम मंदिर की भव्य प्रतिकृति तैयार की जा रही है। झांकी का सबसे बड़ा आकर्षण राम सेतु निर्माण का लाइव दृश्य होगा, जिसमें वानर सेना के
चांदपोल बाजार व्यापार मंडल की ओर से लगातार 22वें साल दीपावली पर यह भव्य सजावट करवाई जा रही है। इस बार रामायण के प्रसंग को साकार करने के लिए बंगाल से आए कारीगर पिछले करीब एक महीने से जुटे हुए हैं। झांकी में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमानजी, जामवंत, नल और नील सहित वानर सेना के प्रमुख पात्र नजर आएंगे। नल-नील के निर्देशन में वानर सेना के पत्थर डालकर सेतु बनाने का दृश्य विशेष आकर्षण रहेगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष गोयल, महामंत्री घनश्याम भूतड़ा तथा दीपावली सजावट समिति के संयोजक अचल जैन ने बताया कि हर साल दीपावली पर कुछ नया और आकर्षक प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाता है। गत सालों में गजनेर, हवा महल, पुष्प विमान, स्वचालित मेट्रो और ऑपरेशन सिंदूर जैसे विषयों पर झांकियां तैयार करवाई जा चुकी हैं।
एकता और सामूहिक प्रयास का संदेश देगी झांकी
इस बार राम सेतु निर्माण के प्रसंग के जरिए एकता, सहयोग और संकल्प का संदेश दिया जाएगा। जिस तरह वानर सेना ने मिलकर समुद्र पर सेतु बनाने का कार्य किया, उसी तरह सामूहिक प्रयास से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। व्यापार मंडल की ओर से चांदपोल बाजार को आकर्षक रोशनी से सजाने की तैयारियां भी की जा रही हैं।
1 नवंबर को पिंक लाइट्स से जगमगाएगा पांच बत्ती बाजार
जयपुर स्थापना के 300 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस बार दीपोत्सव पर बाजार गुलाबी रोशनी से जगमगाते नजर आएंगे। 1 नवंबर को पांच बत्ती पर विशेष सजावट की जाएगी। यहां पिंक कलर की थीम पर लाइटिंग होगी। पांच बत्ती पर चार भव्य स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। इनमें एक स्वागत द्वार गवर्नमेंट हॉस्टल और दूसरा अजमेरी गेट पर तैयार किया गया है। शेष दो द्वार भी सजावट का हिस्सा होंगे। एमआई रोड व्यापार मंडल के महामंत्री सुरेश सैनी ने बताया कि यह विशेष सजावट 11 नवंबर तक रहेगी। इस दौरान धनतेरस, छोटी दीपावली और गोवर्धन पूजा तक बाजार रोशनी से सजे रहेंगे। सातों दिन अलग कलर की रोशनी से सजावट होगी।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.