गुड्डू पंडित और कालीन भैया की दुनिया एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट आई है। थिएटर में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद 'मिर्जापुर: द मूवी' ने अब OTT पर भी दस्तक दे दी है। ऐसे में जिन लोगों ने फिल्म बड़े पर्दे पर मिस कर दी थी या इसे दोबारा देखने का इंतजार कर रहे थे, उनके लिए खुशखबरी है। फिल्म को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जा रहा है। लेकिन इस बार दर्शकों को सिर्फ वही कहानी देखने को नहीं मिलेगी, जो सिनेमाघरों में दिखाई गई थी। OTT रिलीज के साथ मेकर्स ने एक खास सरप्राइज भी दिया है।
'मिर्जापुर: द मूवी' अब अमेजन प्राइम वीडियो पर एक्सक्लूसिव तौर पर स्ट्रीम हो रही है। प्लेटफॉर्म ने भारत के साथ दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में फिल्म के ग्लोबल स्ट्रीमिंग प्रीमियर की घोषणा की है। खास बात यह है कि 'मिर्जापुर' की दुनिया ने पहले OTT से शुरुआत की, फिर बड़े पर्दे तक पहुंची और अब फिल्म दोबारा उसी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लौट आई है, जहां से इस फ्रेंचाइजी को जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी। थिएटर में फिल्म देखने से चूक गए दर्शक अब इसे घर बैठे देख सकते हैं।
फिल्म की डिजिटल रिलीज दर्शकों के लिए एक और खास तोहफा लेकर आई है। प्राइम वीडियो पर इसका एक्सटेंडेड कट भी उपलब्ध है, जिसमें ऐसे सीन शामिल किए गए हैं, जिन्हें सिनेमाघरों में रिलीज हुए संस्करण में नहीं दिखाया गया था। यानी जिन लोगों ने फिल्म थिएटर में देखी है, उन्हें भी OTT पर कुछ नया देखने का मौका मिलेगा। इन पहले कभी न दिखाए गए दृश्यों के जुड़ने से कहानी का अनुभव और विस्तृत हो सकता है। यही वजह है कि फिल्म की OTT रिलीज उन दर्शकों के लिए भी खास है, जो इसे पहले देख चुके हैं।
'मिर्जापुर' की कहानी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र की उस दुनिया पर आधारित है, जहां अपराध, सत्ता और अवैध कारोबार पर कब्जे की लड़ाई चलती रहती है। कहानी में बदले, वर्चस्व और ताकत की जंग सबसे अहम है। फिल्म में भी त्रिपाठी माफिया परिवार और पंडित भाइयों के बीच की दुश्मनी और सत्ता संघर्ष देखने को मिलता है। इसकी कहानी सीरीज के पहले सीजन के घटनाक्रम के दौरान की है और इसमें कुछ ऐसे अनकहे पहलुओं को दिखाया गया है, जिनसे दर्शक पहले परिचित नहीं हैं। इस बार मिर्जापुर की गद्दी की लड़ाई पूर्वांचल से निकलकर रेगिस्तान तक पहुंचती है, जहां कहानी नया मोड़ लेती है।
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। इसमें अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, श्वेता त्रिपाठी शर्मा, सोनल चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह भी अहम किरदारों में नजर आते हैं।
फिल्म को अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रस्तुत किया है। इसका निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है। फिल्म की OTT रिलीज के साथ अब 'मिर्जापुर' के प्रशंसक एक बार फिर इस लोकप्रिय क्राइम फ्रेंचाइजी की दुनिया में लौट सकते हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।