Feedback
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आवारा कुत्तों के हमले में 11 वर्षीय प्रियांशु की मौत हो गई. घटना थाना नागल क्षेत्र के गांव बेलड़ा जुनारदार की है. शुक्रवार शाम घर से खेलने निकला बच्चा शनिवार सुबह गांव के पास खेत में मिला. परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा था. सुबह खेत में उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया.
जानकारी के मुताबिक, प्रियांशु अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और गांव के एक विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ता था. शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वह घर से खेलने के लिए निकला था. देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी. उसकी गुमशुदगी की सूचना सोशल मीडिया पर भी प्रसारित की गई थी.
यह भी पढ़ें: सहारनपुर की शाजिया घर से बना रहीं 20 तरह के साबुन, ₹50 से शुरू है कीमत; कश्मीर से हैदराबाद तक पसंद किए जा रहे प्रोडक्ट
शनिवार सुबह गांव के पास खेत में बालक गंभीर हालत में मिला. बताया जा रहा है कि कुत्तों के हमले में वह बुरी तरह जख्मी हो गया था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दो दिन पहले भी दो बच्चों पर कुत्तों ने किया था हमला
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है. दो दिन पहले भी कुत्तों ने आरव और सोनू पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से गांव के लोगों में दहशत है. ग्रामीण बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे डायल 112 के माध्यम से थाना नागल पुलिस को गांव बेलड़ा जुनारदार में एक बच्चे के खेत में गंभीर हालत में पड़े होने की सूचना मिली थी. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन उसकी मृत्यु हो चुकी थी.
फॉरेंसिक टीम ने की जांच, कुत्तों को पकड़ने की तैयारी
एसपी देहात के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में मौत का कारण स्ट्रीट डॉग्स का हमला सामने आया है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच कर रही हैं. साथ ही ऐसे हॉटस्पॉट चिह्नित किए जा रहे हैं, जहां कुत्तों के हमलों की आशंका अधिक है.
मयंक पाठक ने बताया कि खतरनाक कुत्तों को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने बालक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस घटना के बाद गांव में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू