दिवाली से पहले महंगा हुआ कमर्शियल गैस सिलेंडर, लगातार तीसरे महीने दाम में हुआ इजाफा, जानें नया रेट – Bharat24live

Shreeom Singh
Date: 01-11-26 08:07
दिवाली से पहले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है. दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई समेत देश के चारों महानगरों में लगातार तीसरे महीने इसके दाम बढ़ाए गए हैं. इस बार अलग-अलग शहरों में 10 रुपये से लेकर 17 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है. सबसे ज्यादा इजाफा कोलकाता में देखने को मिला है.
त्योहारों के इस मौसम में कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा होने से मिठाइयों और रेस्तरां के खाने की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है. हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसकी कीमतों में आखिरी बार जून में बढ़ोतरी हुई थी.
चारों महानगरों में कितने बढ़े दाम?
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर 10 रुपये महंगा हुआ है. इसके बाद इसकी कीमत बढ़कर 2,820 रुपये हो गई है. कोलकाता में सबसे ज्यादा 17 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और अब यहां सिलेंडर 2,971 रुपये में मिल रहा है.
वहीं, मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर के दाम 10.50 रुपये बढ़कर 2,775 रुपये हो गए हैं. चेन्नई में 11.50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 2,994.50 रुपये पहुंच गई है.
अगस्त से अब तक लगातार बढ़ रहे दाम
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में अगस्त से लगातार बढ़ोतरी हो रही है. आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान दिल्ली में सिलेंडर 82 रुपये महंगा हुआ है. कोलकाता में इसकी कीमत 98.50 रुपये बढ़ी है.
इसी तरह मुंबई में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 83.50 रुपये और चेन्नई में 88.50 रुपये बढ़ चुके हैं. यानी तीन महीनों में कारोबारियों पर गैस की बढ़ती कीमतों का बोझ लगातार बढ़ा है.
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर
कमर्शियल गैस सिलेंडर के उलट घरेलू एलपीजी की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं हुआ है. दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 942 रुपये में मिल रहा है. कोलकाता में इसकी कीमत 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये बनी हुई है.
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में आखिरी बार जून में बदलाव किया गया था. फिलहाल चारों महानगरों में इसकी कीमतें पहले की तरह ही बनी हुई हैं.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News