भास्कर न्यूज | हरनाटांड़
राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए शनिवार को बगहा पुलिस जिला के हरनाटांड़ और नौरंगिया थाना परिसर में राष्ट्रीय एकता परेड का सीधा प्रसारण किया गया। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर दोनों थाना परिसरों में बड़े प्रोजेक्टर और स्क्रीन लगाए गए। पुलिस पदाधिकारी, जवान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों ने गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड देखी। एसपी राजेश कुमार के निर्देश पर लौकरिया थाना में थानाध्यक्ष रमन कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ। नौरंगिया थाना में थानाध्यक्ष राज रौशन ने व्यवस्था संभाली। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे से 7 बजे तक परेड का लाइव प्रसारण चला। लोगों ने देश के अलग-अलग सुरक्षा बलों का मार्च-पास्ट देखा। उनके साहसिक कारनामे भी स्क्रीन पर दिखे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम विशेष संदेश और संबोधन भी लाइव सुना गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने जवानों और आम लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। बच्चों को सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन संघर्ष की जानकारी दी गई। देश की सैकड़ों रियासतों के एकीकरण में उनके योगदान पर भी बताया गया। अधिकारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव का महत्व समझाया। बच्चों की भागीदारी बढ़ाने के लिए चॉकलेट और बिस्कुट बांटे गए। कार्यक्रम के जरिए ग्रामीणों और बच्चों को राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.