Written By Shariqul Hoda
लाहौर में जबरदस्त प्रदूषण (Photo-PTI)
Lahore AQI Crosses 600: पाकिस्तान की तरफ से दावा किया गया था कि भारत में दिवाली के दौरान जलाए गए पटाखों की वजह से लाहौर में प्रदूषण बढ़ा है, ये बातअब सवालों के घेरे में आ गई है, क्योंकि पाकिस्तान की ही एक एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग ऑर्गेनाइजेशन की रिपोर्ट में इस दावे को साबित करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं.
‘पाकिस्तान एयर क्वालिटी इनिशिएटिव’ (PAQI) ने बताया है कि उनके पंजाब प्रांत में पराली जलाना इस इलाके में प्रदूषण का एक बड़ा कारण है. सैटेलाइट से मिली जानकारी के आधार पर 1 अक्टूबर से 9 नवंबर 2026 के बीच खेतों में आग लगने की 16714 घटनाएं सामने आई हैं.
रिपोर्ट में ये भी पता चला है कि लाहौर में PM2.5 का औसत स्तर, WHO की तरफ से तय की गई लिमिट से तकरीबन 8 गुना ज्यादा था. ‘डॉन’ अखबार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, लाहौर और पंजाब के अन्य हिस्सों में होने वाले प्रदूषण का लगभग 89 फीसदी हिस्सा फसलों के अवशेष जलाने से जुड़ा है.
इस हफ्ते लाहौर की एयर क्वाइलिटी बहुत खराब हो गई, और कुछ जगहों पर एक्यूआई 600 के पार चला गया. स्विस एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म ‘IQAir’ ने लाहौर को दुनिया का सबसे प्रदूषित बड़ा शहर बताया है, जहां AQI 590 दर्ज किया गया. इसी प्लेटफॉर्म पर एक वक्त ये आंकड़ा 647 तक पहुंच गया, जो बेहद खतरनाक स्थिति को दिखाता है. साथ ही PM2.5 का लेवल WHO की सालाना अनुशंसित सीमा से 37.2 गुना ज्यादा पाया गया.
प्रदूषण बढ़ने के बाद पाकिस्तान के पंजाब की पर्यावरण संरक्षण मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा कि खराब हालात के लिए कुछ हद तक वे हवाएं जिम्मेदार हैं, जो 8 नवंबर 2026 को भारत में दिवाली मनाए जाने के बाद वहां से पॉल्यूटेंट को अपने साथ लेकर आईं. उन्होंने कहा कि मौसम के बदलते पैटर्न और हवा की दिशा बदलने से हवा की गुणवत्ता में धीरे-धीरे सुधार होने की उम्मीद है.
हालांकि PAQI के आकलन में ऐसे पर्याप्त सबूत नहीं मिले जिनसे ये साबित हो सके कि दिवाली के बाद लाहौर में बढ़े प्रदूषण के लिए भारतीय सीमा के उस पार जलाए गए पटाखे जिम्मेदार थे. भारत के विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. पाकिस्तान ने 2024 में अपनी प्रदूषण समस्याओं के लिए भारतीय पंजाब में खेतों में लगाई जाने वाली आग को भी जिम्मेदार ठहराया था. उस समय भारतीय मौसम विभाग के अधिकारियों ने हवा के पैटर्न का हवाला देते हुए बताया था कि हवा पाकिस्तान से भारत की ओर बह रही थी.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।
Follow us :
B.A.G Convergence Limited Film
City, Sector 16A, Noida, Uttar
Pradesh 201301