Feedback
मेरठ के मवाना कस्बे के मोहल्ला मुन्नालाल में स्थित साड़ी शोरूम के बाहर टंगे दुपट्टों में आग लगाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक युवक ने लाइटर से दुपट्टों में आग लगा दी और मौके से फरार होने लगा. आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई. दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया. गनीमत रही कि आग दुकान के अंदर तक नहीं पहुंची, अन्यथा आसपास की दुकानों को भी भारी नुकसान हो सकता था.
दरअसल, कृष्णा साड़ी शोरूम के संचालक अजय कुमार शर्मा निवासी मोहल्ला मुन्नालाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार को वह अपनी दुकान पर बैठे हुए थे. इसी दौरान एक अज्ञात युवक हाथ में लाइटर लेकर दुकान के बाहर पहुंचा और वहां टंगे दुपट्टों में आग लगा दी. दुपट्टों में आग लगते ही युवक मौके से भाग निकला. आग की लपटें देखकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई.
दुकानदार के अनुसार, यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग शोरूम के अंदर तक पहुंच सकती थी. इससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो सकता था. साथ ही आसपास की दुकानों में भी आग फैलने का खतरा था.
घटना के बाद दुकानदार ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज के आधार पर स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी युवक को पकड़ लिया गया.
दुकानदार के मुताबिक, आरोपी को मवाना क्षेत्र के इस्लामिया मदरसे के पास से पकड़ा गया. इसके बाद पीड़ित दुकानदार ने मवाना थाने पहुंचकर तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की.
वहीं, इस मामले में सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि साड़ी शोरूम के बाहर दुपट्टों में आग लगाने का मामला सामने आया है. दुकानदार की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. देखें VIDEO:-
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी नाबालिग है. उसने आग क्यों लगाई यह पूछताछ की जा रही है?
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू