IND vs NZ 1st Test Live Score Day 1: वेलिंगटन में बुमराह का तूफान, लंच से पहले न्यूजीलैंड के 4 बल्लेबाज पवेलियन लौटे – AajTak

Feedback
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच आज (19 नवंबर) से वेलिंगटन के बेस‍िन र‍िजर्व मैदान में खेला जा रहा है. भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है. 
इस मुकाबले की लाइव अपडेट और स्कोरकार्ड हम लगातार अपडेट कर रहे हैं. ऐसे में आप इस पेज को र‍िफ्रेश करते रहें. 
LIVE UPDATES:
–न्यूजीलैंड ने पहले दिन लंच तक अपनी पहली पारी में चार विकेट खोकर 60 रन बनाए. कप्तान टॉम लैथम (0) को जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड किया तो डेवोन कॉनवे (4) को अंशुल कंबोज ने कैच आउट कराया. रचिन रवींद्र (15) और डेरिल मिचेल (1) भी कैच आउट हुए. भारत की ओर से बुमराह ने दो, आकाश और कंबोज ने एक-एक विकेट लिए.
–जसप्रीत बुमराह ने लंच से ठीक पहले न्यूजीलैंड को चौथा झटका दे दिया. 21वें ओवर में बुमराह ने डेरिल मिचेल को अपने जाल में फंसाया. मिचेल लगातार क्रीज से बाहर निकलकर बुमराह की गेंदों का सामना करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बुमराह की अंदर आती गेंद मिचेल के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर उनके पैड से टकराई और हवा में उछल गई. शॉर्ट लेग पर तैनात यशस्वी जायसवाल ने शानदार कैच लपक लिया. मिचेल सिर्फ एक रन बना सके. यह बुमराह का दूसरा विकेट है. 
–न्यूजीलैंड को 51 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा. आकाश दीप की गेंद पर रचिन रवींद्र आउट हो गए. आकाश ने विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों रचिन को कैच आउट कराया. रचिन ने 50 गेंदों में सिर्फ 15 ही रन बनाए. हेनरी निकोल्स के साथ उन्होंने तीसरे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी निभाई.
–निकोल्स को जीवनदान मिल गया. कारण पंत के दस्तानों से पहले गेंद जमीन पर टप्पा खा गई. आकाश दीप की धीमी गेंद हेनरी निकोल्स के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटकीपर ऋषभ पंत की तरफ गई. हालांकि, रीप्ले में दिखा कि गेंद पंत के दस्तानों तक पहुंचने से पहले ही जमीन पर टप्पा खा गई थी. इसी वजह से मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों की अपील भी ज्यादा जोरदार नहीं थी.
–टीम इंडिया से बड़ा मौका चूक गया और रिव्यू नहीं लेने पर रचिन रविंद्र बच गए. दरअसल, अंशुल कंबोज को कुछ आवाज सुनाई दी और उन्हें लगा कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर गई है. ऋषभ पंत ने भी तुरंत अपील करते हुए रिव्यू लेने का इशारा किया. लेकिन शुभमन गिल ने रिव्यू नहीं लिया. बाद में रीप्ले में साफ हुआ कि गेंद बल्ले का हल्का किनारा लेकर गई थी. यानी भारत ने बड़ा मौका गंवा दिया और इस तरह रचिन रविंद्र को जीवनदान मिल गया.
–न्यूजीलैंड की टीम ने शुरुआती विकेट गंवाने के बाद धीरे-धीरे पारी को संभालना शुरू किया. टीम को पहली बाउंड्री लगाने में 5.5 ओवर लग गए. हेनरी निकोल्स ने एक शानदार शॉट खेलकर इसकी शुरुआत की. इसके अगले ओवर में रचिन रवींद्र ने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर चौका लगाया. इसके बाद निकोल्स ने अंशुल कंबोज की गेंद पर एक और चौका जड़ा. 
–भारत को दूसरी सफलता मिली. न्यूजीलैंड को चौथे ओवर में 12 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा. अंशुल कंबोज ने न्यूजीलैंड के ओपनर डेवोन कॉनवे को आउट कर दिया. कॉनवे के बल्ले का हल्का किनारा लेकर गेंद विकेट के पीछे गई, जहां विकेटकीपर ऋषभ पंत ने कोई गलती नहीं की और शानदार कैच लपक लिया. इस बार कॉनवे के पास DRS लेने का भी कोई मौका नहीं था.
–जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर अपनी तेज गेंद से डेवोन कॉनवे को मुश्किल में डाल दिया. बुमराह की गेंद पर भारत ने कैच आउट की जोरदार अपील की. अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ ने भी उंगली उठाकर कॉनवे को आउट दे दिया. हालांकि, कॉनवे ने तुरंत DRS लिया. रिप्ले में गेंद बल्ले से लगती नजर नहीं आई और अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा. इस तरह कॉनवे को जीवनदान मिल गया और वह क्रीज पर टिके रहे.
–न्यूजीलैंड की ओर से डेवोन कॉन्वे और कप्तान टॉम लाथम ओपनिंग करते हुए क्रीज पर आए. वहीं जसप्रीत बुमराह ने मैदान पर वापसी का ऐलान अपने ही अंदाज में किया. उन्होंने मैच के पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर टॉम लाथम को बोल्ड कर दिया और भारत को पहली सफलता दिलाई. लाथम 2 गेंदों में ही बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. 
शुभमन गिल की टीम के सामने न्यूजीलैंड में 18 साल से चले आ रहे टेस्ट जीत के सूखे को खत्म करने की चुनौती है. सीरीज में जीत भारत के वर्ल्ड टेस्ट चैम्प‍ियनश‍िप (WTC) फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों के लिए भी अहम होगी. सीरीज का दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में है. 
न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग-11: टॉम लाथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, रचिन रविंद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल, ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, काइल जैमीसन और जैकब डफी.

भारत की संभावित प्लेइंग-11:  यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह.
टेस्ट में न्यूजीलैंड पर भारत का पलड़ा भारी, 65 मैचों में 22 जीत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक टेस्ट क्रिकेट में कुल 65 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें भारतीय टीम ने 22 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 16 मुकाबलों में सफलता मिली है. दोनों टीमों के बीच 27 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं. यानी टेस्ट क्रिकेट में भारत का पलड़ा कीवी टीम पर भारी रहा है.
पिछले तीनों टेस्ट में न्यूजीलैंड ने भारत को हराया

हालांकि, हालिया मुकाबलों में तस्वीर पूरी तरह बदल गई है. न्यूजीलैंड ने 2024 में भारत को उसी की धरती पर टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था. बेंगलुरु में 8 विकेट, पुणे में 113 रन और मुंबई के वानखेड़े में 25 रनों से जीत दर्ज कर कीवी टीम ने इतिहास रचा. टेस्ट क्रिकेट में भारत के खिलाफ यह न्यूजीलैंड का सबसे यादगार प्रदर्शन रहा.
कब किया भारत ने पहला न्यूजीलैंड का दौरा?
भारतीय टीम ने 1968 में पहली बार न्यूजीलैंड का दौरा किया था. इस दौरे पर भारत ने पांच में से तीन टेस्ट मुकाबले जीते और विदेशी धरती पर अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीत दर्ज की. यह इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने के तीन दशक से ज्यादा समय बाद भारत की पहली विदेशी सीरीज जीत थी. हालांकि, इसके बाद न्यूजीलैंड में भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट का सफर आसान नहीं रहा. कई बार टीम ने मुकाबले बचाए, तो कई मौकों पर जीत के करीब पहुंचकर भी उसे हासिल नहीं कर सकी.
भारत ने न्यूजीलैंड में अपना पिछला टेस्ट मुकाबला करीब 18 साल पहले जीता था. हैमिल्टन में मिली 10 विकेट की वह जीत पिछले 50 साल में न्यूजीलैंड की धरती पर भारत की इकलौती टेस्ट जीत भी रही है. अब गिल के पास इस इतिहास को बदलने का मौका है.
गिल के लिए टेस्ट सीरीज सबसे अहम
भारत ने इस दौरे पर वनडे और टी20 सीरीज जीतकर अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन दौरे का सबसे बड़ा मुकाबला टेस्ट सीरीज ही है. अब तक खेले गए आठ नतीजों वाले मुकाबले आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी का हिस्सा रहे हैं. भारतीय टीम अपने प्रदर्शन से काफी हद तक संतुष्ट होगी, हालांकि इस दौरान कुछ कमियां भी नजर आईं.
गिल सात साल पहले भी भारतीय टीम के साथ न्यूजीलैंड का दौरा कर चुके हैं. तब वह किशोर खिलाड़ी थे और भारतीय बल्लेबाज मेजबान टीम की रणनीतियों के सामने संघर्ष करते नजर आए थे. उस सीरीज में भारत के स्कोर 165, 191, 242 और 124 रन रहे थे. गिल के लिए वह दौरा इस बात का उदाहरण था कि न्यूजीलैंड की टीम विपक्षी बल्लेबाजों के खिलाफ कितनी अच्छी तैयारी करके उतरती है. हालांकि, इस बार भारतीय कप्तान को भरोसा है कि उनकी टीम बेहतर रणनीति के साथ मेजबान गेंदबाजों का सामना करेगी.
क्या भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैम्प‍ियनश‍िप का फाइनल खेलेगी
2019 के उस दौरे में भारतीय टीम को टेस्ट सीरीज में निराशा हाथ लगी थी. हालांकि, उस समय विराट कोहली की कप्तानी में टीम का रेड बॉल क्रिकेट काफी मजबूत था. मौजूदा भारतीय टीम की स्थिति इससे अलग है. टीम टेस्ट क्रिकेट में अपनी पहचान और दबदबा कायम करने के लिए संघर्ष कर रही है. इसके अलावा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें भी दांव पर हैं.
भारत अगर इस सीरीज के दोनों मुकाबले जीत लेता है, तो गिल को भरोसा है कि टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू चुनौती के बावजूद फाइनल में पहुंचने की उम्मीद कर सकेगी. लेकिन न्यूजीलैंड में मुकाबले गंवाना भारत की राह मुश्किल कर सकता है.
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम पॉइंट टेबल में टॉप पर है और वह अपनी स्थिति मजबूत रखना चाहेगी. कई टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए उसके पास अंक गंवाने की ज्यादा गुंजाइश नहीं है. चोट और खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट की चुनौतियों के बावजूद न्यूजीलैंड की कोशिश होगी कि भारतीय टीम को सीमित ओवरों की ट्रॉफी के अलावा टेस्ट सीरीज में कोई सफलता न मिले.
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कम्बोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बरार.
भारत के ख‍िलाफ जीलैंड का स्क्वॉड: टॉम लाथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, काइल जेमीसन, जैकब डफी, ब्लेयर टिकनर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट और विल यंग.
 
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News