Written By Azhar Naim
सोशल मीडिया पर प्रचारित फेस क्रीम का इस्तेमाल करने के बाद लड़की को किडनी की बीमारी हो गई (Image: AI)
हर कोई चाहता है कि उसकी स्किन साफ हो और चमकदार रहे, साथ ही उस पर किसी तरह के दाग-धब्बे न रहे. इसके लिए लोग आमतौर पर तरह-तरह के ब्यूटी प्रॉडक्ट का इस्तेमाल करते हैं. कई बार ब्यूटी क्रीम उम्मीद पर खड़ी उतरी है, तो कई बार ऐसा भी होता है कि उम्मीद के मुताबिक रिजल्ट नहीं मिल पाता है, जिससे व्यक्ति का आत्मविश्वास कमजोर हो जाता है. लेकिन क्या हो कि चेहरे को चमकदार बनाने के लिए मंगाई गई क्रीम आपको किडनी की बीमारी का शिकार बना दे? ये सुनकर आपको हैरानी हो सकती है, लेकिन ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने ऑनलाइन शॉपिंग और इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स के गलत प्रमोशनल वीडियोज पर सवाल उठा दिए है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक लड़की ने इंस्टाग्राम पर वीडियो देख एक क्रीम ऑर्डर की, जिसको लेकर दावा था कि इसे लगाने से पिंपल्स, काले धब्बे और पिगमेंटेशन को दूर हो सकते हैं, लेकिन इसका असर उल्टा हो गया और पीड़ित लड़की किडनी की बीमारी का शिकार हो गई.
यह भी पढ़ें: पेशाब में झाग दिखना क्यों है चिंता की बात? गलती से न करें इग्नोर, किडनी की बीमारी से हो सकता है संबंध
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मलप्पुरम (केरल) 17 साल की एक लड़की को किडनी की गंभीर बीमारी हो गई है. बताया जा रहा है कि उसने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स द्वारा प्रमोट की गई एक फेयरनेस क्रीम को ऑनलाइन खरीदा और इस्तेमाल किया था. मलप्पुरम के एस्टर MIMS मदर हॉस्पिटल के डॉक्टरों के अनुसार, लड़की ने इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स के प्रमोशनल वीडियो देखकर ब्यूटी क्रीम मंगवाई थी. वीडियो में इन्फ्लुएंसर्स ने दावा किया था कि यह क्रीम पिंपल्स, काले धब्बे और पिगमेंटेशन को दूर कर सकती है. लेकिन इस क्रीम का असर लड़की की सेहत पर गंभीर रूप से पड़ा. लड़की ने पत्रकारों को बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर दिए गए एक व्हाट्सएप नंबर के जरिए विक्रेताओं से संपर्क किया और प्रोडक्ट ऑर्डर किया था. शुरुआत में उसे यह क्रीम असरदार लगी, इसलिए उसने एक साल के दौरान इसकी कई और बोतलें मंगवा लीं. वक्त जैसे-जैसे बीतता चला गया लड़की को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं महसूस होने लगीं, जिसमें अचानक ब्लड प्रेशर गिरना और बेहोश हो जाना शामिल था. उसके पैरों में सूजन भी आ गई, जिससे उसका चलना-फिरना और सीढ़ियां चढ़ना मुश्किल हो गया, इतना ही नहीं, स्थिति इतनी खराब हो गई की बाद में उसे अस्पताल जाना पड़ गया.
रिपोर्ट के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती होने के बाद, लड़की का इलाज शुरू किया गया और उसकी सेहत की अच्छे से जांच की गई. लड़की का इलाज कर रहीं नेफ्रोलॉजिस्ट गौरी एस. ने पत्रकारों को बताया कि मेडिकल जांच में उसके खून और शरीर में मरकरी (पारा) का स्तर खतरनाक रूप से काफी ज्यादा पाया गया है. उन्होंने कहा, ‘मरकरी किडनी के फिल्टर करने वाले हिस्सों को बुरी तरह नुकसान पहुंचा सकता है.’ उन्होंने बताया कि लड़की को ‘मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी’ (membranous nephropathy) हो गई है, जो किडनी की एक गंभीर बीमारी है. अगर इसका सही इलाज न किया जाए, तो आगे चलकर स्थिति और भी ज्यादा बिगड़ सकती है.
डॉक्टर ने बताया कि क्रीम की जांच करने पर उसमें मरकरी का स्तर 12,500 पार्ट्स प्रति मिलियन (ppm) पाया गया, जबकि सामान्य तौर पर इसकी निर्धारित सीमा 1 ppm से भी कम होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जांच के नतीजों से पता चलता है कि मरकरी वाले इस प्रोडक्ट की वजह से ही किडनी की यह बीमारी हुई है, जो इलाज न मिलने पर और गंभीर हो सकती है. स्थिति को देखते हुए, पीड़ित लकड़ी का इलाज कर रही, डॉ. गौरी ने लोगों को ऐसी फेयरनेस क्रीम के विज्ञापनों से सावधान रहने की सलाह दी, जो तुरंत असर या स्किन टोन में तेजी से सुधार का वादा करते हैं. उन्होंने कहा कि जिन्हें भी स्किन से जुड़ी समस्याएं हैं, उन्हें ऐसे किसी भी प्रोडक्ट्स पर अंधा भरोसा करने के बजाय किसी डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेनी चाहिए और सही इलाज कराना चाहिए, ताकि आपकी सेहत और त्वचा दोनों बनी रहे.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फेयरनेस क्रीम के इस्तेमाल के कारण हो रही समस्या को लेकर लड़की ने कंपनी को बताया और अपने स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जानकारी दी थी, लेकिन उनके तरफ से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला. लड़की ने आरोप लगाया कि कंपनी ने पहले तो कहा कि वे अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इस बारे में बताएंगे, लेकिन हैरानी तब हुई जब कंपनी ने लड़की को उसके मेल्स का जवाब देना ही बंद कर दिया. लड़की के परिवार ने कंपनी के खिलाफ कंज्यूमर कोर्ट में कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया है.
यह भी पढ़ें: किडनी खराब होने से पहले शरीर देता है ये 5 संकेत, समय रहते पहचान लें वरना हो सकती है बड़ी परेशानी
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.
इनपुट- पीटीआई
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।
Follow us :
B.A.G Convergence Limited Film
City, Sector 16A, Noida, Uttar
Pradesh 201301