Shreeom Singh
Date: 22-11-26 15:47
वॉशिंगटन/प्योंगयांग: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बातचीत की कोशिशों को नजरअंदाज कर दिया है. परमाणु हथियारों के मुद्दे पर ट्रंप उत्तर कोरिया से बातचीत शुरू करना चाहते हैं, लेकिन किम जोंग उन ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है. अमेरिकी अखबार ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने पिछले एक साल में कई बार किम जोंग उन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनकी कोशिशें सफल नहीं हो पाईं.
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति ने उत्तर कोरियाई नेता तक पहुंचने के लिए फोन से संपर्क करने से लेकर निजी चिट्ठी भेजने तक के तरीके अपनाए. इसके बावजूद किम जोंग उन ने ट्रंप से बातचीत में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई. अमेरिका की कोशिश थी कि दोनों देशों के बीच परमाणु हथियारों को लेकर बातचीत का रास्ता फिर से खुले, लेकिन फिलहाल ऐसा होता नहीं दिख रहा है.
किम ने ट्रंप की मुलाकात की कोशिश को किया नजरअंदाज
रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले हफ्ते जब डोनाल्ड ट्रंप एशिया के दौरे पर थे, तब भी उन्होंने किम जोंग उन से संपर्क करने की कोशिश की थी. फिलीपींस में क्वाड सम्मेलन में शामिल होने के बाद ट्रंप चीन पहुंचे थे. इस दौरान अमेरिकी अधिकारियों ने दोनों नेताओं के बीच आमने-सामने की मुलाकात कराने का प्रयास किया.
हालांकि, उत्तर कोरिया की तरफ से इस मुलाकात को लेकर कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला. बताया जा रहा है कि किम जोंग उन की ओर से कुछ शर्तें रखी गई थीं, जिन्हें अमेरिका स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था. ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात नहीं हो सकी.
ट्रंप ने निजी चिट्ठी भेजकर भी बातचीत का रास्ता तलाशा
‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ के मुताबिक, जब फोन के जरिए किम जोंग उन से संपर्क नहीं हो पाया तो ट्रंप ने दूसरा रास्ता अपनाया. उन्होंने न्यूयॉर्क स्थित उत्तर कोरिया के मिशन के जरिए किम जोंग उन को एक निजी चिट्ठी भेजी. इसके साथ ही अमेरिका ने बातचीत शुरू करने के लिए कुछ नए प्रस्ताव भी भेजे.
इन प्रस्तावों में ऐसी भाषा रखी गई थी, जिससे उत्तर कोरिया को नाराजगी न हो. अमेरिका ने इस बार तुरंत परमाणु हथियार खत्म करने की मांग पर जोर नहीं दिया. इसका मकसद दोनों देशों के बीच बातचीत की शुरुआत करना था. लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर कोरिया की तरफ से इन कोशिशों का भी कोई जवाब नहीं आया.
पहले भी बेनतीजा रही है ट्रंप और किम जोंग उन की बातचीत
डोनाल्ड ट्रंप और किम जोंग उन इससे पहले भी कई बार आमने-सामने बैठ चुके हैं. दोनों नेताओं की पहली ऐतिहासिक मुलाकात जून 2018 में सिंगापुर में हुई थी. इसके बाद फरवरी 2019 में वियतनाम की राजधानी हनोई में दूसरी शिखर वार्ता हुई. हालांकि, यह बैठक किसी समझौते तक नहीं पहुंच सकी.
हनोई में बातचीत टूटने की सबसे बड़ी वजह उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम और उस पर लगे आर्थिक प्रतिबंध थे. उत्तर कोरिया चाहता था कि अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र उसके मुख्य योंगब्यों परमाणु केंद्र को बंद करने के बदले ज्यादातर बड़े आर्थिक प्रतिबंध हटा दें.
वहीं, अमेरिका इस प्रस्ताव से सहमत नहीं था. उसका मानना था कि केवल एक परमाणु केंद्र को बंद करने के बदले सभी बड़े प्रतिबंध हटाना सही नहीं होगा. उत्तर कोरिया के पास दूसरे परमाणु ठिकाने और मिसाइल कार्यक्रम भी मौजूद थे. ऐसे में अमेरिका चाहता था कि परमाणु हथियारों को खत्म करने की प्रक्रिया ज्यादा व्यापक हो.
हनोई वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी. अब ट्रंप एक बार फिर किम जोंग उन के साथ बातचीत शुरू करना चाहते हैं, लेकिन उत्तर कोरियाई नेता की चुप्पी ने अमेरिका की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें