सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में देर रात बाहरी लोगों और शराबियों ने जमकर उत्पात मचाया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।
सिलीगुड़ी के अस्पताल पर हमला।
सिलीगुड़ी अस्पताल में शराबियों के साथ बाहरी लोगों ने किया हमला।
ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मी हमले में गंभीर रूप से घायल हुए।
घटना के बाद सुरक्षा पर सवाल, एक आरोपी विजय घोष गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। सरकारी स्वास्थ्य प्रतिष्ठान में देर रात शराबियों के साथ मिलकर बाहरी लोगों ने जमकर उत्पात मचाया। अस्पताल के पुलिस कैंप के पुलिसकर्मियों से भी मारपीट की गई।
घटना सोमवार तड़के सिलीगुड़ी जिला अस्पताल परिसर की बताई गई है। इस घटना में सिलीगुड़ी थाना पुलिस ने विजय घोष नामक एक युवक को भी गिरफ्तार किया है। अस्पताल परिसर में हुए हमले की घटना के बाद चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों में भी डर व आतंक का माहौल है।
जानकारी मिली है कि रात एक बजे के आसपास शराब के नशे में धुत कुछ युवक घायल एक युवक को लेकर इलाज के लिए सिलीगुड़ी जिला अस्पताल पहुंचे थे। घायल युवक के सिर तथा शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगी थी। जब उसे अस्पताल के इमरजेंसी में ले जाया गया तो आरोप है कि वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों के साथ उन युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
इमरजेंसी में शोर-शराबा सुनकर जब अस्पताल के पुलिस कैंप से पुलिसकर्मी वहां पहुंचे तो आरोप है कि उन युवकों ने पुलिस को भी गाली देने लगे। बात बढ़ने के बाद पुलिसकर्मियों ने हंगामा कर रहे युवकों को वहां से हटा दिया। घायल पुलिसकर्मियों के अनुसार, थोड़ी देर बाद वे युवक दोबारा दल-बल के साथ पहुंचे। 8 से 10 लोगों ने मिलकर वहां ड्यूटी कर रहे तीन पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
लाठी-डंडों से भी पुलिसकर्मियों की बेरहमी से पिटाई की गई। घटना में पुलिसकर्मियों को भी चोट आई है। सूचना मिलने के बाद सिलीगुड़ी थाना से विशाल पुलिस बल मौके पर पहुंचा, तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। अस्पताल पुलिस कैंप के पुलिसकर्मियों ने एक युवक को पकड़कर सिलीगुड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। घटना को लेकर रात में ही थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
शनिवार व रविवार की रात सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में शराब पीकर दुर्घटना का शिकार होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। इलाज के लिए आने वाले मरीजों के साथ कई बार उनके परिजन भी हंगामा करते हैं। शराब के नशे में धुत लोग कभी-कभी चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों से उलझ जाते हैं। सोमवार तड़के हुई घटना भी इसी तरह के हंगामे का उदाहरण है। इससे अस्पताल में मरीजों व स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
अस्पताल परिसर में पुलिस कैंप के जवानों पर हमले की घटना के बाद सोमवार दोपहर सिलीगुड़ी थाना के आइसी समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल अधीक्षक के साथ बैठक की। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पुलिस को घटना से संबंधित सभी प्रकार की रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था तथा घटना के विभिन्न पहलुओं को लेकर चर्चा की गई। अस्पताल सूत्रों की माने तो पुलिस जिस भी रिपोर्ट की आवश्यकता थी, उन्हें मुहैया कराया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।