ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की जासूसी कर रहे थे 3 चीनी सैटेलाइट, 4 दिन तक इन ठिकानों पर रखी नजर – Bharat24live

Shreeom Singh
Date: 25-11-26 10:00
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन के तीन सैटेलाइट भारत के पश्चिमी तट पर लगातार नजर रख रहे थे. इन सैटेलाइट्स ने चार दिनों तक भुज, नलिया, जामनगर और रिलायंस रिफाइनरी की गतिविधियों पर नजर रखी. इस दौरान भारतीय वायुसेना और नौसेना के ठिकानों के साथ-साथ बंदरगाहों और बड़े औद्योगिक इलाकों की भी निगरानी की गई.
यह दावा भारतीय स्पेस सर्विलांस और इंटेलिजेंस कंपनी डिगंतारा के विश्लेषण के आधार पर किया गया है. अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स में इस जानकारी का जिक्र किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने के दिन यानी 7 मई 2025 को इन चीनी सैटेलाइट्स ने अपनी कक्षा में बदलाव किया था. ऑपरेशन सिंदूर चार दिनों तक चला था.
भुज और नलिया एयरबेस पर भी थी नजर
रिपोर्ट के अनुसार, चीन के निंग्शिया-14, गाओफेन-11 और याओगान-30 सैटेलाइट भारत के पश्चिमी तट के ऊपर सक्रिय थे. इनकी निगरानी का दायरा ऐसे इलाकों तक था, जो भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के दौरान सैन्य लिहाज से काफी अहम थे.
भुज का रुद्र माता एयरफोर्स स्टेशन कच्छ में पाकिस्तान सीमा के पास स्थित है. यह भारतीय वायुसेना का एक महत्वपूर्ण एयरबेस है. वहीं, नलिया में वायुसेना की 49वीं विंग मौजूद है.
नलिया पश्चिमी कच्छ में स्थित है और पाकिस्तान सीमा के साथ अरब सागर के भी करीब है. इसकी भौगोलिक स्थिति इसे सैन्य गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम बनाती है. यहां से भारतीय सेना पश्चिमी सीमा पर हवाई निगरानी और सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों को अंजाम दे सकती है.
डिगंतारा के विश्लेषण से इन चीनी सैटेलाइट्स की निगरानी गतिविधियों का पता चला है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि इन सैटेलाइट्स से जुटाई गई जानकारी चीन ने पाकिस्तान के साथ साझा की थी या नहीं.
हाई-रिजॉल्यूशन इमेजिंग सैटेलाइट कैसे करते हैं जासूसी?
हाई-रिजॉल्यूशन विजुअल इमेजिंग सैटेलाइट अंतरिक्ष से धरती की बेहद साफ और बारीक तस्वीरें लेते हैं. इनकी मदद से किसी इलाके में मौजूद सैन्य ठिकानों, हथियारों और दूसरे जरूरी संसाधनों की जानकारी जुटाई जा सकती है.
ये सैटेलाइट दुश्मन के सैन्य अड्डों पर नजर रखने, हथियारों की तैनाती का पता लगाने और सैन्य वाहनों की गतिविधियों को समझने में मदद करते हैं. इनसे मिलने वाली तस्वीरों के जरिए किसी इलाके का सटीक नक्शा भी तैयार किया जा सकता है. इस जानकारी का इस्तेमाल सैन्य योजना बनाने और जरूरत पड़ने पर सटीक हमले की तैयारी में किया जाता है.
इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस सैटेलाइट क्या होते हैं?
इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस सैटेलाइट का काम अंतरिक्ष से निकलने वाले इलेक्ट्रॉनिक सिग्नलों को पकड़ना और उनका विश्लेषण करना होता है. ये किसी इलाके में मौजूद रडार और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकलने वाले सिग्नलों पर नजर रखते हैं.
इनकी मदद से यह पता लगाया जा सकता है कि किसी जगह पर किस तरह का रडार लगा है और वह किस फ्रीक्वेंसी पर काम कर रहा है. इसके अलावा, रडार की लोकेशन और उसकी गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा सकती है.
इस तरह के सैटेलाइट से मिलने वाला डेटा सैन्य रणनीति बनाने में काफी काम आता है. इससे किसी देश को दूसरे देश की रडार व्यवस्था और सैन्य गतिविधियों को समझने में मदद मिलती है.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News