Feedback
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के मालीखेड़ी इलाके में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है. नगर निगम की मल्टी के पास युवक का शव मिला. शुरुआती जांच के मुताबिक, पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई. मृतक की पहचान अनु श्रीवास के रूप में हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही छोला मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया.वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
नगर निगम की मल्टी के पास मिला शव
पुलिस को नगर निगम की मल्टी के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं. शुरुआती जांच में सामने आया कि हमलावरों ने पत्थर से सिर पर वार किया था.
पुलिस ने मृतक की पहचान अनु श्रीवास के रूप में की है. डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला के मुताबिक, मृतक के खिलाफ छोला मंदिर थाने में आपराधिक मामले दर्ज थे.
पुराने विवाद के एंगल पर जांच
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने फिलहाल किसी व्यक्ति पर हत्या का संदेह जाहिर नहीं किया है. जानकारी मिली है कि अनु श्रीवास घटना से एक दिन पहले तक घर पर ही था.
शुरुआती जांच में पुराने विवाद की बात सामने आई है. पुलिस इसी एंगल से हत्या की वजह तलाश रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.फिलहाल हत्या की असल वजह साफ नहीं हुई है.
कुछ दिन पहले परिवार की मौत से चर्चा में था इलाका
मालीखेड़ी क्षेत्र कुछ दिन पहले एक परिवार की मौत की घटना को लेकर भी चर्चा में रहा था. अब इसी इलाके में युवक की हत्या का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू