जननीति भारत उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सभी 403 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी, किसी दल से गठबंधन नहीं करेगी। पार्टी संस्थापक दिव्या मित्तल ने कहा कि जनहित और संविधान के मूल्यों पर आधारित राजनीति को प्राथमिकता दी जाएगी।
जननीति भारत यूपी विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर लड़ेगी दिव्या मित्तल का ऐलान।
जननीति भारत सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
पार्टी किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी।
दिव्या मित्तल ने जनहित को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जननीति भारत सभी 403 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। जाति और धर्म की राजनीति से अलग संविधान के मूल्यों को केंद्र में रखकर चुनाव लड़ा जाएगा। योग्य और साफ छवि वाले लोगों को प्रत्याशी बनाया जाएगा।
यह बातें पूर्व आइएएस अधिकारी और जननीति भारत की संस्थापक दिव्या मित्तल ने गुरुवार को कैलाशपुरी मोड़ स्थित एक होटल में आयोजित गोष्ठी में कहीं।उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना होना चाहिए। पार्टी विकास को स्पष्ट सोच और ठोस कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ाएगी।
सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी को जनता का सहयोग मिल रहा है और इसी भरोसे के साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने की तैयारी है। अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए दिव्या मित्तल ने कहा कि जिलाधिकारी के पद पर रहते हुए कई तरह के दबाव का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी किसी के साथ गलत नहीं किया।
आजादी के बाद भी जिन कार्यों को पूरा नहीं किया जा सका था, उन्हें अपनी सोच और टीम के सहयोग से पूरा कराने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था हो या राजनीति, निर्णयों का आधार जनहित होना चाहिए। संविधान के मूल्यों के अनुरूप व्यवस्था और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
इसके पूर्व वैश्य समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश जिंदल, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला संगठन की जिलाध्यक्ष साधना अग्रवाल, उषा यादव, संजय श्रीवास्तव, शेखर जायसवाल, मनोज जुनेजा, अजय सचदेवा, नरेंद्र अरोड़ा और अजय जैन ने माल्यार्पण व स्मृति चिह्न देकर दिव्या मित्तल का स्वागत किया। इस मौके पर आत्माराम तुलस्यान, रजनीश सिंह डब्लू, डिंपल सिंह, दिलीप अग्रवाल, अजय श्रीवास्तव, विजय सिंह और शरदचंद मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।