भोपाल के बरखेड़ा नाथू इंटरनेशनल स्टेडियम में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के तहत जापान और मलेशिया के बीच कांस्य पदक के लिए मुकाबला खेला गया। जापान ने 5-2 से मैच जीतकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। शाम 7 बजे भारत और चीन के बीच टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा।
भारतीय टीम चौथी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। इस मुकाबले में टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर दीपिका पर भी नजरें रहेंगी।
भारत के पास चौथी बार चैंपियन बनने का मौका
भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2016 में पहली बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। इसके बाद 2023 और 2024 में लगातार दो बार चैंपियन बनी। अब तक भारत और दक्षिण कोरिया दोनों के नाम 3-3 खिताब दर्ज हैं। 2026 में भारत के पास चौथी बार चैंपियन बनने का मौका है। अगर भारतीय टीम फाइनल में चीन को हराकर खिताब जीतती है, तो वह टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बन जाएगी। साथ ही लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का रिकॉर्ड भी बनाएगी।
देखिए जापान-मलेशिया मैच की तस्वीरें…
भारत ने सबसे ज्यादा किए गोल
भारतीय टीम महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में गोल करने के मामले में सभी टीमों से आगे है। भारत ने अब तक टूर्नामेंट में कुल 29 गोल दागे हैं, जबकि दूसरे नंबर पर मौजूद चीन के 14 गोल हैं।
दीपिका कर चुकी हैं 10 गोल
भारतीय खिलाड़ी दीपिका 10 गोल के साथ महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की शीर्ष गोल स्कोरर हैं। टॉप-5 गोल स्कोरर में भारत की तीन खिलाड़ी दीपिका, मुमताज खान (4 गोल) और लालरेमसियामी (3 गोल) शामिल हैं।
समीर दाद बोले- शानदार लय में है टीम
मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के मुख्य कोच और पूर्व ओलंपियन समीर दाद ने महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत की जीत की उम्मीद जताई है। भारत का मुकाबला चीन से होगा। समीर दाद ने कहा कि भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है। लीग मुकाबलों से लेकर सेमीफाइनल तक खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
भारत पहले भी चीन को हरा चुका है, लेकिन फाइनल का मुकाबला अलग होता है। इसलिए पिछले मैच में बड़े अंतर से मिली जीत को आधार बनाकर आकलन करना ठीक नहीं होगा। चीन की टीम भी अब तक कई मुकाबले खेलकर अपनी लय हासिल कर चुकी होगी। फाइनल में भारत की जीत की संभावना 60:40 है।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.