सिटी रिपोर्टर | बनियापुर
प्रखंड के पंचमहला गांव की बेटी सोनल कुमारी ने कोहिनूर मिस इंडिया का खिताब जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। लखनऊ के एक पांच सितारा होटल में 25 फरवरी को आयोजित इस सौंदर्य प्रतियोगिता में सोनल ने बेहतरीन प्रदर्शन कर ताज अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्हें ‘बेस्ट वॉक’ का अवॉर्ड भी मिला। सोनल कुमारी बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से फैशन टेक्नोलॉजी एंड अपैरल मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही हैं। अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और लगन के बल पर उन्होंने इस प्रतियोगिता में देशभर से आई प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए विजेता का ताज पहना। सोनल के कोहिनूर मिस इंडिया बनने की खबर से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। गांववालों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और मिठाइयां बांटी। कमलदेव ओझा, मुन्ना ओझा, पिंटू ओझा, टुन्ना ओझा समेत ग्रामीणों ने सोनल की इस उपलब्धि पर गर्व जताया।
सोनल के पिता अरुण कुमार ओझा बिहार ओलंपिक एसोसिएशन से जुड़े हुए हैं और कुश्ती महासंघ में कोच के रूप में कार्यरत हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.