Feedback
समाजवादी पार्टी का 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार को यूपी के संभल जाएगा, ताकि शाही जामा मस्जिद परिसर में अदालत के आदेश के बाद भड़की हिंसा के बारे में जानकारी जुटाई जा सके. हालांकि स्थानीय प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि निषेधाज्ञा के कारण शनिवार को किसी के भी जिले में आने पर रोक है.
सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल संभल जाएगा, उन्होंने कहा कि हिंसा के बारे में विस्तृत जानकारी लेने के बाद वे पार्टी प्रमुख को रिपोर्ट सौंपेंगे.
सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने X पर कहा कि प्रतिनिधिमंडल में विधानसभा में विपक्ष के नेता माता प्रसाद पांडेय, विधान परिषद में विपक्ष के नेता लाल बिहारी यादव, सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद जियाउर रहमान बर्क, हरेंद्र मलिक, रुचि वीरा, इकरा हसन और नीरज मौर्य शामिल हैं. उन्होंने कहा कि विधायक कमाल अख्तर, रविदास मेहरोत्रा, नवाब इकबाल महमूद और पिंकी सिंह यादव भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे.
इससे पहले, पुलिस महानिदेशक से हिंसा की निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने के बाद समाजवादी पार्टी ने अपने प्रतिनिधिमंडल के प्रस्तावित दौरे को स्थगित कर दिया था.
वहीं, संभल डीएम ने यूपी विधानसभा के नेता विरोधी दल को एक आदेश भेजा, इसमें संभल में वर्तमान में BNS की धारा 163 लागू होने की बात कही गई है, आदेश में साफ़ तौर पर लिखा है कि जब तक BNS की धार 163 लागू रहेगी, तब तक कई चीजों पर रोक रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़े नहीं.
पीटीआई के मुताबिक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल 2 दिसंबर को शहर जाएगा.
बता दें कि स्थानीय अदालत के आदेश पर 19 नवंबर को शहर की जामा मस्जिद का पहला सर्वे किए जाने के बाद से ही संभल में स्थिति तनावपूर्ण है, याचिकाकर्ता ने दावा किया है कि जामा मस्जिद उस जमीन पर बनी है, जहां पहले हरिहर मंदिर था. 24 नवंबर को तब हिंसा भड़क उठी थी, जब प्रदर्शनकारी मस्जिद के पास एकत्र हुए और सुरक्षाकर्मियों से भिड़ गए, जिसके बाद पथराव और आगजनी हुई. हिंसा में 4 लोगों की मौत हो गई और पुलिसकर्मियों सहित कई अन्य घायल हो गए.
Copyright © 2024 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू