हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के लिए हिंदी ओलंपियाड फाउंडेशन सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड और अमृत कुंभ सम्मान-2025 प्रतियोगिता का आयोजन करेगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह प्रतियोगिता कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए होगी। कक्षा 1 और 2 के बच्चों की परीक्षा एक ही चरण में आयोजित की जाएगी, जबकि कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षा तीन चरणों में होगी। पहले चरण की परीक्षा स्कूल स्तर पर होगी। इसमें 80% या उससे अधिक अंक लाने वाले छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित द्वितीय और तृतीय चरण की परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्रों और शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार और विशेष सम्मान दिया जाएगा। परीक्षा आयोजन के लिए 28 और 31 जुलाई, 20 और 29 अगस्त, 11 और 26 सितम्बर, 9 और 15 अक्टूबर की तिथियां प्रस्तावित की गई हैं। इसके अलावा हिंदी ओलंपियाड फाउंडेशन और संबंधित स्कूल की ओर से तिथियों में परिवर्तन भी किया जा सकता है।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हिंदी ओलंपियाड फाउंडेशन की ओर से “अमृत कुंभ सम्मान-2025” भी आयोजित किया जाएगा। इसमें हिंदी शिक्षकों से जीवन मूल्यों पर आधारित स्वरचित रचनाएं आमंत्रित की गई हैं। रचनाएं अप्रकाशित होनी चाहिए।
रचना की शब्द सीमा कविता में 80 से 150 शब्द, कहानी-जीवनी, संस्मरण, निबंध, लेख आदि में 300 से 500 शब्द और एकांकी नाटक में 500 से 700 शब्द जरुरी किए गए हैं। चयनित रचनाओं को फाउंडेशन की वेबसाइट पर प्रकाशित किया जाएगा और उत्कृष्ट रचनाकारों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह आयोजन छात्रों और शिक्षकों को हिंदी भाषा में अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.