नई दिल्ली. भारतीय सेना ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का बदला ले लिया है. मंगलवार आधी रात को रात 2 बजे के करीब भारत ने पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर (पीओके) में 9 आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल से हमले किए. भारतीय सेना ने ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नाम दिया. इस तरह से भारतीय सेना ने भारत की बेटियों का सिंदूर उजाड़ने वालों से बदला ले लिया. पहलगाम अटैक के पूरे 15 दिन बाद भारतीय सेना ने कार्रवाई की. इंडियन आर्मी ने जानकारी दी कि पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया है. भारतीय सेना के हमले के बाद पाकिस्तान के बहावलपुर में अंधेरा छा गया. बहावलपुर के अस्पतालों में भीड़ के विजुअल सामने आए हैं. लाहौर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी की घोषणा कर दी गई है. हमले से पाकिस्तान में भारी दहशत का माहौल है.
पहलगाम आतंकी हमले में 26 टूरिस्ट मारे गए थे. आतंकियों ने पर्यटकों से धर्म पूछकर गोली मारी थी. आतंकी हमले की जिम्मेदारी पहले तो द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली थी, बाद में मुकर गया था. पहलगाम हमला मामले की जांच NIA कर रही है.