Opereation Sindoor Live: पहलगाम हमले का भारतीय सेना ने बदला लेते हुए मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की. भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से पाकिस्तान में बने आतंकवादी शिविरों पर सटीक हमला किया गया. ये आतंकी ठिकाने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर में मौजूद थे. सेना की इस एयर स्ट्राइक को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नाम दिया गया है. ये एयरस्ट्राइक उन आतंकी ठिकानों पर की गई, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई थी. सेना की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार एयर स्ट्राइक में कुल 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है.
भारतीय सेना की ओर से कहा गया है कि एयर स्ट्राइक में किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया गया है. भारत ने लक्ष्यों के चयन और निष्पादन के तरीके में काफी संयम दिखाया है. भारतीय सेना की ओर से ये कदम बर्बर पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर उठाया गया है, जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक की हत्या कर दी गई थी. सेना ने कहा कि हम इस प्रतिबद्धता पर खरे उतर रहे हैं कि इस हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा.
ऑपरेशन सिंदूर पर विदेशी मामलों के विशेषज्ञ रोबिंदर सचदेव ने कहा, “भारत का हवाई हमला बहुत सोचा-समझा और सटीक था. भारत को पहलगाम हमले का जवाब देना था. अब हमारा सिद्धांत ‘जैसे को तैसा’ है, अगर आप हम पर हमला करेंगे तो हम जरूर जवाब देंगे. भारत के लिए कड़ा जवाब देना जरूरी था. पाकिस्तान को स्थिति को और नहीं बढ़ाना चाहिए. पाकिस्तान पर स्थिति को और खराब करने का बहुत दबाव है. हमारे हमलों में सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया. पाकिस्तान के पास भारत के साथ युद्ध करने का कोई वैध कारण नहीं है.”
पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर की गई एयरस्ट्राइक को लेकर एनएसए अजीत डोभाल ने अमेरिकी एनएसए और विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की. अजीत डोभाल ने उन्हें की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी. अमेरिका में भारतीय दूतावास की ओर से बताया गया कि अजीत डोभाल ने कहा कि भारत की कार्रवाई केंद्रित और सटीक रही है. वे नपे-तुले, जिम्मेदार और प्रकृति में गैर-उग्र थे. किसी भी पाकिस्तानी नागरिक, आर्थिक या सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया गया. केवल ज्ञात आतंकी शिविरों को ही निशाना बनाया गया.
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू करने पर कहा, “हमें रिपोर्टों की जानकारी है. हालांकि, इस समय हमारे पास कोई आकलन नहीं है. यह एक उभरती हुई स्थिति है और हम घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रहे हैं.”
पहलगाम हमले का बदला लेते हुए भारतीय सेना पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को एयरस्ट्राइक में तबाह कर दिया. इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया सामने आई है. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमने अभी इसके बारे में सुना. मुझे लगता है कि लोगों को पता था कि ऐसा कुछ होगा. उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसा हो चुका है. ट्रंप ने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच लंबे समय से लड़ाई चल रही है. ये लड़ाई कई दशकों और शताब्दियों से चल रही है. उन्होंने कहा कि मैं आशा करता हूं कि ये जल्द खत्म हो जाएगी.
पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने कहा, ”भारत ने पाकिस्तान के पांच स्थानों पर हमले किए हैं. भारत की ओर से किए गए इस युद्ध के कृत्य का पाकिस्तान को जोरदार तरीके से जवाब देने का पूरा अधिकार है और जोरदार जवाब दिया जा रहा है. पूरा देश पाकिस्तानी सशस्त्र बलों के साथ खड़ा है और पूरे पाकिस्तानी राष्ट्र का मनोबल और भावना उच्च है. पाकिस्तानी राष्ट्र और पाकिस्तानी सशस्त्र बल जानते हैं कि दुश्मन से कैसे निपटना है. हम दुश्मन को उसके नापाक इरादों में कभी सफल नहीं होने देंगे.”
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.