etawah news
Etawah News: जिले के बढ़पुरा थाना क्षेत्र में पुलिस भर्ती के नाम पर एक युवती से ₹16000 की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने खुद को लखनऊ का आईपीएस अधिकारी बताकर युवती को झांसे में लिया और ड्रेस व पिस्टल के नाम पर पैसे ऐंठे। जब युवती ने आगे पैसे देने से इनकार किया, तो उसे पांच साल की जेल की धमकी दी गई। पीड़िता ने अब पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता तनु, जो बढ़पुरा थाना क्षेत्र के उदी मोड़ के पास रहती हैं, ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले एक ऑनलाइन फॉर्म भरा था। 26 मई को उन्हें लखनऊ के एक नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम राकेश बताया और खुद को आईपीएस अधिकारी बताया। उसने तनु से कहा कि उनकी पुलिस विभाग में नौकरी लग गई है और उन्हें जल्द ही 45,000 रुपये महीने की सैलरी पर जॉइनिंग मिलेगी। ठग ने भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रिया में कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, जिससे तनु और उनका परिवार निश्चिंत हो गया।
27 मई को फिर से कॉल आया और कहा गया कि उनकी वर्दी तैयार हो गई है, जिसके लिए ₹16000 देने होंगे। तनु ने विश्वास करते हुए दो बार में यह राशि बताए गए अकाउंट नंबर पर भेज दी। इसके बाद दोबारा फोन आया और कहा गया कि ड्यूटी के लिए जो पिस्टल दी जाएगी, उसके लिए ₹18000 और जमा करने होंगे। तनु को तब जाकर शक हुआ और उन्होंने परिवार को इस पूरे मामले की जानकारी दी।
जब तनु ने आगे पैसे देने से मना किया और ठग से सवाल किया, तो उसने धमकी दी कि अगर ₹18000 नहीं दिए गए तो उन्हें पुलिस जॉइनिंग में धोखाधड़ी करने के आरोप में पांच साल की जेल हो सकती है। यह सुनकर तनु घबरा गई और अब पुलिस से सहायता मांग रही हैं।
तनु के पिता राजू, जो मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पेट पालते हैं, ने बताया कि उन्होंने बड़ी उम्मीदों से बेटी को पढ़ाया। उन्होंने कहा, “हम गरीब लोग हैं, बेटी को नौकरी दिलाने का सपना देखा था, लेकिन इस ठग ने हमारे सपनों को तोड़ दिया।“ उन्होंने पुलिस और प्रशासन से अपील की है कि ऐसे साइबर ठगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि कोई और बेटी इस तरह के धोखे का शिकार न हो।
This Quiz helps us to increase our knowledge
कंटेंट राइटर
मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।