Maharashtra CM News Live Updates: महाराष्ट्र का नया मुख्यमंत्री कौन होगा, यह आज (4 दिसंबर) को तय हो गया. आज बीजेपी विधायक दल की बैठक हुई. इसमें देवेंद्र फडणवीस को विधायक दल का नेता चुना गया. बीजेपी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को महाराष्ट्र विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया था. इसी के साथ देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के नए सीएम होंगे. वहीं एकनाथ शिंदे और अजित पवार डिप्टी सीएम बनेंगे.
इससे पहले बीजेपी के एक पदाधिकारी ने बताया था कि दो बार मुख्यमंत्री रह चुके देवेंद्र फडणवीस को इस शीर्ष पद के लिए दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव बीस नवंबर को हुआ था, जिसके परिणाम तीन दिन बाद घोषित हुए थे, ‘महायुति’ गठबंधन ने 288 विधानसभा सीट में से 230 सीट पर जीत दर्ज की थी. बीजेपी 132 सीट के साथ आगे रही जबकि शिवसेना को 57 और राकांपा को 41 सीट मिली थीं.
बीजेपी ने पहले ही घोषणा कर दी है कि नया मुख्यमंत्री पांच दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य नेताओं की मौजूदगी में मुंबई के आजाद मैदान में शपथ लेगा. समारोह को लेकर तैयारियां जारी हैं.
इससे पहले एकनाथ शिंदे के अस्पताल से लौटने के कुछ घंटे बाद बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस शाम को यहां उनके आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पहुंचे. पिछले सप्ताह दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात थी.
गौरतलब है कि शिंदे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ हैं और ठाणे के अपने निजी आवास पर रह रहे थे. शिंदे पिछले शुक्रवार को सतारा जिले में अपने गांव दारे गए थे, जिसके बाद अटकलें लगाई जाने लगीं कि वह ‘महायुति’ की नयी सरकार के गठन की कवायद से नाखुश हैं, लेकिन उनके सहयोगियों ने कहा कि शिंदे का स्वास्थ्य ठीक नहीं है.
देवेंद्र फडणवीस वर्षा बंगले से अपने निवास सागर बंगला पहुंच गए हैं. एकनाथ शिंदे के साथ उनकी करीब 45 मिनट तक बैठक हुई. शिवसेना के कुछ नेता अभी भी एकनाथ शिंदे के साथ वर्षा बंगले में मौजूद हैं.
राजभवन से निकलने के बाद महायुति के तीनों बड़े नेताओं देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार की बैठक होगी. बैठक में तय किया जाएगा कि शपतविधि के दिन सर्फ 3 लोग शपत लेंगे या और भी लोगों के नाम पर मुहर लगेगी. अगर तीनों नेता तय करते हैं कि और लोगों को कैबिनेट में लेना है तो उनके नाम वरिष्ठों को बताए जाएंगे और आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
महायुति की ओर से एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने राज्यपाल को सरकार गठन का पत्र सौंप कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है. कल यानी 5 दिसंबर को महाराष्ट्र में शपथग्रहण होगा.
महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, कार्यवाहक डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार, तीनों ही राजभवन पहुंच गए हैं. कुछ ही देर में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे. उनके साथ विजय रूपानी और निर्मला सीतारमण भी राजभवन पहुंच गए हैं.
सुधीर मुनगंटीवार और बीजेपी नेता चंद्रकांत दादा पाटिल राजभवन पहुंच गए हैं. अन्य नेताओं के भी राजभवन पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है. BJP प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले राजभवन पहुंच गए हैं.