भास्कर अपडेट्स: मुंबई पुलिस को PM मोदी की हत्या की धमकी मिली, राजस्थान के अजमेर से मैसेज भेजा गया था – Dainik Bhaskar

मुंबई पुलिस को शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जान से मारने की धमकी वाला एक मैसेज मिला। मैसेज व्हाट्स ऐप के जरिए ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन पर तड़के सुबह आया था। मैसेज में दो ISI एजेंटों और मोदी को निशाना बनाकर बम विस्फोट करने की साजिश का जिक्र था।
एक अधिकारी ने बताया कि मैसेज राजस्थान के अजमेर से भेजा गया था। संदिग्ध को पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम वहां भेजी गई है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन पर पहले भी कई बार धमकी भरे मैसेज मिल चुके हैं।
तेलंगाना में तेज रफ्तार कार झील में गिरी, 5 की मौत; 1 खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर निकला
तेलंगाना के यदाद्री-भुवनगिरी जिले में शनिवार को एक कार झील में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। कार में छह युवक सवार थे। उनमें से एक कार की खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर निकलने में कामयाब रहा। सभी हैदराबाद के रहने वाले थे। उनकी उम्र 20-25 साल थी।
असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कैबिनेट का विस्तार किया, 4 नए मंत्रियों ने शपथ ली
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शनिवार को अपने कैबिनेट का विस्तार किया। कैबिनेट में चार नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने इन चार नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। इनमें प्रसंता फूकन, कौशिक राय, कृष्णेंदु पॉल और रुपेश गोला का नाम शामिल है। ये सभी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री सरमा और उनके कैबिनेट के सदस्य भी उपस्थित थे।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
सुप्रीम कोर्ट में 12 दिसंबर को पूजा स्थल अधिनियम के प्रावधानों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट 12 दिसंबर को पूजा स्थल अधिनियम की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करेगा। इनमें 15 अगस्त 1947 को सभी पूजा स्थलों की यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया गया है। CJI संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच इसकी सुनवाई करेगी। उनके अलावा जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस केवी विश्वनाथन बेंच में शामिल हैं। ये मामला साल 2020 से कोर्ट में पेंडिंग है।
सिक्किम यूनिवर्सिटी में छात्राओं को एक दिन की मेन्स्ट्रुअल लीव की परमिशन
सिक्किम यूनिवर्सिटी ने छात्राओं के लिए हर महीने एक दिन की मेन्स्ट्रुअल लीव की परमिशन दी। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार लक्ष्मण शर्मा ने 4 दिसंबर को इसका नोटिफिकेशन जारी किया। पिछले महीने सिक्किम यूनिवर्सिटी छात्र संघ (SUSA) ने इसकी मांग की थी। रजिस्ट्रार ने कहा, वाइस चांसलर ने यूनिवर्सिटी की छात्राओं को प्रत्येक महीने एक दिन का मेन्स्ट्रुअल लीव देने की स्वीकृति दी है। हालांकि, ये लीव परीक्षा के समय नहीं मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ को मिली धमकी, बदमाशों ने 50 लाख रुपए की मांग की
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ से बदमाशों ने 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी। उन्हें 3 दिन के अंदर पैसे देने के लिए कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर परिणाम भुगतने की भी धमकी दी गई है। संसद का शीतलाकीन सत्र चल रहा है, इसलिए संजय सेठ अभी दिल्ली में हैं। धमकी उनके मोबाइल पर मैसेज भेजकर दी गई है। मंत्री ने इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस को दी। दिल्ली पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि मंत्री को यह धमकी झारखंड की राजधानी रांची के होसिर से दी गई है। पूरी खबर पढ़ें…
दिल्ली में मॉर्निंग वॉक पर निकले कारोबारी की गोली मारकर हत्या, हमलावरों ने 8 राउंड फायर किए
नॉर्थ दिल्ली के शाहदरा में घर के पास सुबह की सैर पर निकले एक कारोबारी की दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि 52 साल के सुनील जैन पर 8 राउंड फायर किए गए। घायल सुनील को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। बर्तनों का कारोबार करने वाले जैन यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से सुबह की सैर करके घर लौट रहे थे, तभी फर्श बाजार इलाके में मोटरसाइकिल हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। हमले के बाद आरोपी फरार हो गए।
फेंगल तूफान से राहत के लिए केंद्र तमिलनाडु को ₹944 करोड़ देगा, स्टालिन ने ₹2 हजार करोड़ मांगे थे
तमिलनाडु में 30 नवंबर को आए फेंगल तूफान को लेकर अब भी रेस्क्यू और राहत कार्य चल रहा है। केंद्र सरकार ने राहत कार्य के लिए 944 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा है कि फेंगल तूफान के नुकसान के आकलन की रिपोर्ट के बाद और भी फंड और बढ़ाया जा सकता है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने स्टालिन ने PM मोदी को चिट्ठी लिखकर ₹2 हजार करोड़ के रिलीफ फंड की मांग की थी। इसके बाद PM ने स्टालिन से बात भी की थी। स्टालिन ने PM को बताया कि फेंगल से डेढ़ करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं।
भारत का पहला हाइपरलूप टेस्टिंग ट्रैक तैयार, IIT मद्रास के कैंपस में बना ट्रैक 410 मीटर लंबा
देश का पहला हाइपरलूप टेस्टिंग ट्रैक तैयार हो गया है। IIT मद्रास के परिसर में बना ट्रैक 410 मीटर लंबा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए बताया कि यह ट्रैक भारतीय रेलवे, IIT मद्रास की अविष्कार हाइपरलूप टीम और IIT मद्रास के स्टार्टअप ट्यूटर हाइपरलूप का साझा प्रोजेक्ट है।
इस टेस्ट ट्रैक पर 100 किमी/घंटे की रफ्तार से ट्रेन दौड़ सकती है। अब लंबे ट्रैक पर 600 किमी/घंटे की रफ्तार पर हाइपरलूप का टेस्ट किया जाएगा। हाइपरलूप एक हाई-स्पीड ट्रेन है, जो ट्यूब के भीतर वैक्यूम में चलती है। इससे पहले महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई-पुणे हाइपरलूप प्रोजेक्ट को मंजूरी दी थी। दुनिया में सबसे पहले हाइपरलूप का विचार 2012 में इलॉन मस्क ने दिया था।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News