Russia Earthquake Tsunami Live News: रूस में 8.8 तीव्रता वाले भूकंप से सुनामी, जापान के न्यूक्लियर प्लांट स… – News18 Hindi

रूस में भूकंप न्यूज: जापान के पूर्वोत्तर हिस्से में, कुइजी पोर्ट (इवाते प्रांत) पर 1.3 मीटर (4.3 फुट) ऊंची सुनामी लहरें दर्ज की गई हैं. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया है कि सुनामी की लहरें बढ़ती जा रही हैं. स्थानीय प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि आगे भी लहरों के मजबूत होने की संभावना है.
रूस सुनामी चेतावनी लाइव:  अमेरिका के अलास्का राज्य के तटों पर सुनामी की पहली लहरें पहुंच चुकी हैं. इस समय हवाई राज्य, अलास्का के एल्यूसियन द्वीप समूह और उत्तरी कैलिफोर्निया के हिस्सों में सबसे गंभीर यानी सुनामी वार्निंग जारी है, जबकि अमेरिका के बाकी पश्चिमी तटीय राज्यों में सुनामी एडवाइजरी जारी की गई है. यूएस सुनामी वार्निंग सेंटर के अनुसार, हवाई में लहरें कभी भी टकरा सकती हैं. वहीं, ओरेगन और वॉशिंगटन में रात 11:35 बजे (पैसिफिक टाइम) से लहरें आने की उम्मीद है. कैलिफोर्निया में सुनामी लहरें रात 11:50 बजे से टकराना शुरू हो सकती हैं, जिसमें सैन फ्रांसिस्को बे में 12:40 बजे और लॉस एंजिल्स हार्बर में करीब 1:00 बजे इन्हें पहुंचने का अनुमान है.
रूस सुनामी चेतावनी लाइव: 2011 में जापान में आए 9.1 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी ने हवाई में 3 से 12 फीट तक की लहरें भेजीं थीं. इससे हार्बर डूब गए, होटल और दुकानें बर्बाद हो गईं और करीब $7.5 मिलियन का नुकसान हुआ. इस बार भी अधिकारियों ने समुद्र तटों और बंदरगाहों से दूर रहने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि वे चेतावनी वाले इलाकों को खाली कर दें.
रूस में भूकंप सुनामी न्यूज: हवाई यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर हेलेन जानीजेव्स्की ने कहा कि सुनामी की लहरें आम समुद्री लहरों जैसी नहीं होतीं. ये बाढ़ की तरह आती हैं और कई बार लौटकर दोबारा हमला करती हैं. उन्होंने चेताया कि सिर्फ कुछ इंच पानी भी किसी को गिराने और बहा ले जाने के लिए काफी होता है. उन्होंने यह भी जोड़ा कि हर तट को बराबर खतरा है, क्योंकि पानी की दिशा समुद्र के नीचे की बनावट से प्रभावित हो सकती है.
रूस में भूकंप लाइव अलर्ट: लॉस एंजेलिस में मेयर कैरेन बास ने कहा है कि भले ही शुरुआती अनुमान में लहरें सिर्फ एक फुट तक की हों, लेकिन सिटी प्रशासन तैयार है. पुलिस, फायर डिपार्टमेंट और बस सेवाएं पूरी तरह स्टैंडबाय पर हैं. पोर्ट ऑफ लॉस एंजेलिस और समुद्रतटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है. पोर्ट सैन लुइस में 3.7 फीट और क्रेसेंट सिटी में 4.8 फीट ऊंची लहरें आने की आशंका जताई गई है.
रूस में भूकंप लाइव न्यूज: हवाई में सुनामी अलर्ट के बाद कई द्वीपों पर इमरजेंसी शेल्टर खोल दिए गए हैं. ओआहू, काउई, माउई और हवाई काउंटी में शेल्टर एक्टिव हैं. गवर्नर ने चेतावनी दी है कि सुनामी की लहरें ‘द्वीपों के चारों ओर लपेटें मारेंगी’ इसलिए लोगों को सुरक्षित ऊंचाई पर जाने की सलाह दी गई है.
रूस भूकंप सुनामी लाइव न्यूज: रूस के सुदूर पूर्वी कामचटका प्रायद्वीप के पास आए 8.8 तीव्रता वाले शक्तिशाली भूकंप के बाद बुधवार को जापान के होक्काइदो तट पर विशाल सुनामी लहरें पहुंचती दिखीं. जापान की मौसम एजेंसी ने तटीय क्षेत्रों में तीन मीटर (10 फीट) तक ऊंची लहरों की चेतावनी देते हुए देश के पूर्वी समुद्री तट के बड़े हिस्से को खाली कराने का आदेश दिया. 2011 की तबाही को याद दिलाते हुए कई शहरों में सुनामी सायरन बजाए गए और लोगों से तुरंत ऊंचे स्थानों की ओर जाने को कहा गया. कामचटका और रूस का यह क्षेत्र ‘पैसिफिक रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित है, जो भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है.
रूस के सुदूर पूर्वी तट पर बुधवार सुबह आई सुनामी की तेज लहरों ने सखालिन ओब्लास्ट के सेवेरो-कुरील्स्क कस्बे को अपनी चपेट में ले लिया. वीडियो में देखा गया कि लहरें इमारतों के बीच से गुजरती हुईं उन्हें बहा ले गईं. भारी कंटेनर और औद्योगिक ढांचे भी लहरों की चपेट में आ गए. तीन सुनामी लहरों ने इस क्षेत्र को प्रभावित किया, जिसमें आखिरी सबसे शक्तिशाली थी. लगभग 300 लोगों को बंदरगाह से सुरक्षित निकाला गया, हालांकि किसी को चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता नहीं पड़ी.
रूस में भूकंप लाइव न्यूज: रूस के सुदूर पूर्वी हिस्से में बुधवार को आए 8.8 तीव्रता वाले भूकंप ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है. भूकंप के बाद न सिर्फ रूस, बल्कि जापान, अमेरिका, हवाई, फिलीपींस और इंडोनेशिया जैसे देशों में भी सुनामी अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में तेज लहरों ने तबाही मचाई है, सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और कई देशों में आपात स्थिति के तहत बंदरगाह, हवाईअड्डे और होटल खाली कराए गए हैं.
अब तक की बड़ी बातें:
रूस में भूकंप से तबाही लाइव: रूस के सुदूर पूर्वी हिस्से में आए शक्तिशाली भूकंप ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है, जिसके बाद रूस, जापान और अमेरिका में सुनामी अलर्ट जारी किया गया है. सोशल मीडिया पर सामने आए भयावह वीडियो में जहां इमारतें हिलती नजर आईं, वहीं सेवेरो-कुरील्स्क तटीय इलाके में सुनामी की पहली लहरें टकराती दिखीं. रूस के आपातकाल मंत्रालय ने पुष्टि की है कि देश के पूर्वी तट पर एक बंदरगाह शहर सुनामी के पानी से जलमग्न हो गया है.
A massive 8.8 earthquake hit off Russia’s Kamchatka Peninsula, causing injuries, damaging buildings, and generating a 4-meter tsunami.
Japan and Hawaii issued evacuations as tsunami warnings spread across the Pacific. pic.twitter.com/QfkQcDoEJu
— Clash Report (@clashreport) July 30, 2025

रूस भूकंप सुनामी लाइव न्यूज: हवाई द्वीप समूह में सुनामी के खतरे के बीच अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने बड़ा कदम उठाते हुए सभी वाणिज्यिक जहाजों को बंदरगाहों से हटने और किसी भी नए जहाज के प्रवेश पर रोक लगाने का आदेश दिया है. कोस्ट गार्ड के ओशिनिया डिस्ट्रिक्ट ने बयान में कहा कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, हवाई के सभी बंदरगाहों को जहाजों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है और सभी आने वाले जहाजों को समुद्र में ही रुके रहने को कहा गया है.
रूस भूकंप लाइव न्यूज: चीन के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय के सुनामी चेतावनी केंद्र ने गुरुवार को देश के पूर्वी तटीय इलाकों शंघाई और झेजियांग प्रांतों के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया है. चेतावनी में अनुमान लगाया गया है कि इन क्षेत्रों में 0.3 से 1 मीटर (1 से 3 फीट) ऊंची लहरें उठ सकती हैं. यह चेतावनी तूफान ‘कोमाय’ के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जारी की गई है, जो इन तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी वर्षा के साथ लहरों को और खतरनाक बना सकता है.
रूस भूकंप लाइव न्यूज: 30 जुलाई को रूस के सुदूर पूर्वी कमचटका आइलैंड के पास आए 8.8 तीव्रता के भूकंप के बाद एक भयानक सुनामी ने सेवेरो-कुरील्स्क शहर को अपनी चपेट में ले लिया. इसके बाद चश्मदीदों के रिकॉर्ड किए गए वीडियो में दिखा कि कैसे तेज लहरों ने इमारतों और मलबे को भीतर तक बहा दिया और पूरा समुद्र तट जलमग्न हो गया. इससे जुड़ा पूरा वीडियो यहां क्लिक करके देखें.
रूस भूकंप लाइव न्यूज: रूस के कमचटका प्रायद्वीप में आए 8.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने प्रशांत क्षेत्र में सुनामी का खतरा बढ़ा दिया है. जापान और अमेरिका के तटीय इलाकों में आपात चेतावनी जारी कर दी गई है. इस मौक़े पर एक नज़र डाली गई है इतिहास के 10 सबसे ज़बरदस्त भूकंपों पर, जिनमें जानमाल की भारी तबाही हुई. 1960 का चिली भूकंप अब तक का सबसे शक्तिशाली रहा जिसकी तीव्रता 9.5 थी और इसने 1,655 जानें लीं. 2004 में आए सुमात्रा भूकंप और सुनामी ने 2.8 लाख लोगों की जान ली, जबकि 2011 में जापान के टोहोकू भूकंप ने भीषण तबाही मचाई. यहां क्लिक करके देखें पूरी लिस्ट.
रूस भूकंप लाइव न्यूज: रूस के पूर्वी तट पर आए 8.8 तीव्रता के भूकंप के बाद अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया और हवाई में सुनामी चेतावनी लागू कर दी गई है. कैलिफोर्निया के केप मेंडोसीनो से ओरेगन सीमा तक के तटीय इलाकों में 2 से 5 फीट ऊंची लहरें आने की संभावना है. वहीं, हवाई के उत्तरी द्वीपों में 10 फीट तक की लहरें पहुंच सकती हैं. नेशनल गार्ड तैयार हैं, हिलो एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द हैं और डिज़्नी रिसॉर्ट समेत कई होटल मेहमानों को ऊपरी मंज़िलों पर ले जा रहे हैं.
रूस में भूकंप लाइव न्यूज: लॉस एंजेलेस के निवासियों को तड़के 1 बजे एक सार्वजनिक सुरक्षा अलर्ट भेजा गया, जिसमें सुनामी एडवाइजरी की चेतावनी दी गई. इसमें कहा गया कि समुद्र तटों, बंदरगाहों और तटीय निचले इलाकों में तेज धाराएं और खतरनाक लहरें उठ सकती हैं, जो जानलेवा साबित हो सकती हैं. स्थानीय प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा- ‘पानी से दूर रहें, समुद्र तटों और जलमार्गों से दूरी बनाए रखें.’

रूस भूकंप लाइव न्यूज: हवाई के माउई द्वीप पर छुट्टियां मना रहीं मौसम विज्ञानी लॉरा बुचटेल ने बुधवार तड़के 1:30 से 2 बजे के बीच सुनामी अलर्ट बजने के बाद अफरातफरी का हाल बयां किया. CNN की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा, ‘यह कोई अलर्ट नहीं था, यह असली खतरा था. रिसॉर्ट के स्टाफ तक घबराए हुए थे.’ बुचटेल समेत सैकड़ों लोग जल्दबाजी में सामान समेटकर बाहर निकले, लेकिन सड़कों पर भारी जाम लग गया. अधिकारियों ने लोगों को ऊंचाई की ओर जाने और समुद्र से दूर रहने की चेतावनी दी है. अनुमान है कि लहरें 1 से 3 मीटर ऊंची हो सकती हैं. बुचटेल ने कहा कि स्थानीय लोग और पर्यटक चेतावनी को गंभीरता से ले रहे हैं और इंधन भरवाकर सुरक्षित स्थानों की ओर बढ़ रहे हैं.
रूस भूकंप लाइव न्यूज: हवाई के बिग आइलैंड के पश्चिमी तट पर स्थित होटलों ने सुनामी चेतावनी के बीच अपने मेहमानों की आपात निकासी शुरू कर दी है. कैलुआ बे स्थित ‘कोर्टयार्ड किंग कामेहामेहा’स कोना बीच होटल’ ने सभी मेहमानों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए होटल बंद कर दिया है. स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मेहमानों को स्कूल बसों द्वारा पास के केलाकेहे हाई स्कूल पहुंचाया जा रहा है. होटल प्रशासन ने मेहमानों की संख्या या निकासी में लगने वाले समय की जानकारी नहीं दी, लेकिन बताया कि अली’ई ड्राइव के सभी होटल्स यही प्रक्रिया अपना रहे हैं.
रूस में भूकंप: रूस में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद जापान के होक्काइडो द्वीप और रूस के कुछ हिस्सों में सुनामी की पहली लहरें दर्ज की गईं, जिनकी ऊंचाई शुरुआती अनुमान से काफी कम, लगभग 30-40 सेंटीमीटर रही. जापानी अधिकारियों ने चेताया है कि दूसरी या तीसरी लहर पहले से बड़ी हो सकती है. इसी बीच अलास्का के एमचिटका ज्वालामुखीय द्वीप पर भी समुद्री जलस्तर में एक फुट की वृद्धि दर्ज की गई, जो अब तक की सबसे ऊंची लहर मानी जा रही है.
रूस भूकंप लाइव न्यूज: रूस के सुदूर पूर्व में बुधवार को आए 8.7 तीव्रता के भूकंप और सुनामी चेतावनी के बाद जापान के उत्तर-पूर्वी फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट से सभी कर्मचारियों को एहतियातन सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. प्लांट ऑपरेटर TEPCO की प्रवक्ता ने बताया कि ‘कोई असामान्यता दर्ज नहीं की गई है,’ और साइट पूरी तरह सुरक्षित है. गौरतलब है कि यही प्लांट 2011 में भूकंप और सुनामी के कारण भीषण परमाणु दुर्घटना का शिकार हुआ था.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News