राजीव गांधी पेट्रलियम संस्थान के छात्र की मौत (Social Media)
Amethi News: राजीव गांधी पेट्रोलियम संस्थान अमेठी के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हॉस्टल की खिड़की से गिरकर मौत हो गई । मामला जायस थाना क्षेत्र जनपद अमेठी के राजीव गांधी पेट्रोलियम संस्थान का है। संबंधित थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रायबरेली भिजवा दिया है।
जानकारी मिली है कि पेट्रोलियम संस्थान में एमबीए तृतीय वर्ष में पढ़ने वाले छात्र अभिनव आनंद ने होस्टल की छठवीं मंजिल की खिड़की से छलांग लगा दी। युवक बिहार प्रदेश की राजधानी पटना का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद आरजीआईपीटी के स्थानीय सुरक्षा गार्डों ने छात्र को अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई।
छात्र का शव रायबरेली जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। हालांकि इस मामले में आरजीआईपीटी संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नही है अभी तक उनकी तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। युवक की मौत कारण आत्महत्या है या कोई हादसा यह संशय अभी बरकरार है। मौके पर पुलिस की एक टीम घटना की जांच करने पहुंची है।
वह इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी हरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को जानकारी मिली कि आज सुबह 4 बजे राजीव गांधी पेट्रोलियम संस्थान में एक छात्र ने होस्टल की बिल्डिंग से छलांग लगा दी।
गंभीर हालत में उसे पेट्रोलियम संस्थान के सुरक्षा गार्ड्स ने अस्पताल में भर्ती कराया तब तक उसकी सांसे चल रही थी अस्पताल पहुंचने पर युवक ने दम तोड़ दिया। छात्र की पहचान अभिनव आनंद निवासी पटना बिहार से हुई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है जांच के बाद ही घटना की वजह साफ होगी।