आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम तट के पास बंगाल की खाड़ी में एक मछली पकड़ने वाली नाव के खराब होने के बाद उस पर सवार 7 मछुआरे लापता हो गए हैं. मछुआरों की तलाश के लिए भारतीय तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड), भारतीय नौसेना, मरीन पुलिस और राज्य प्रशासन की ओर से बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, सभी मछुआरे 1 जुलाई को विशाखापत्तनम फिशिंग हार्बर से समुद्र में मछली पकड़ने के लिए निकले थे. उन्हें 4 जुलाई तक वापस लौटना था. ईस्ट कोस्ट मैकेनाइज्ड फिशिंग बोट ओनर्स एसोसिएशन के अनुसार, समुद्र में नाव में तकनीकी खराबी आने के बाद उससे संपर्क टूट गया.
यह भी पढ़ें : ‘होर्मुज परमाणु हथियार से कम नहीं’, पुतिन के करीबी दिमित्री मेदवेदेव ने स्ट्रेट को बताया ईरान की सबसे बड़ी ताकत
लापता मछुआरों की हुई पहचान
लापता मछुआरों की पहचान अप्पालराजू, बंदिय्या, गरगय्या, सीतुडु, चिन्ना अम्मोरु, कारी चिन्ना और चिन्नय्या के रूप में हुई है. इनमें से छह मछुआरे विजयनगरम जिले के भोगापुरम के मुक्कम गांव के रहने वाले हैं, जबकि एक मछुआरा विशाखापत्तनम जिले के भीमुनीपट्टनम (भीमिली) का निवासी है.
मौसम की चेतावनी
ईस्ट कोस्ट मैकेनाइज्ड फिशिंग बोट ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष वी. जनकीराम ने बताया कि 3 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद मत्स्य विभाग, मरीन पुलिस, बंदरगाह अधिकारियों और एसोसिएशन ने नाव के चालक दल से संपर्क किया था. उन्हें समुद्र में खराब होते मौसम और ऊंची लहरों को देखते हुए तुरंत वापस लौटने की सलाह दी गई थी.
संपर्क हुआ बंद
चेतावनी मिलने के कुछ समय बाद ही नाव से संपर्क पूरी तरह टूट गया. इसके बाद मछुआरों के परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने प्रशासन को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियां हरकत में आ गईं.
बचाव अभियान तेज
मामले की जानकारी मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक बल, भारतीय नौसेना, मरीन पुलिस और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया. समुद्र में कई टीमें तलाश में जुटी हैं, जबकि नौसेना के हेलीकॉप्टरों को भी खोज अभियान में लगाया गया है.
मुख्यमंत्री के निर्देश
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने अधिकारियों को बचाव अभियान तेज करने, कोस्ट गार्ड के जहाजों की तैनाती बढ़ाने और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने पुलिस के मरीन विंग के महानिरीक्षक और विशाखापत्तनम पुलिस आयुक्त को राहत और बचाव अभियान की निगरानी करने के लिए भी कहा. अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद लापता मछुआरों की तलाश लगातार जारी है. सभी एजेंसियां मिलकर उन्हें सुरक्षित खोजने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं.
यह भी पढ़ें : ‘चाहें तो एक शॉट में सब खत्म कर दें’, ट्रंप का ईरान पर भड़काऊ बयान, कांग्रेस ने केंद्र को घेरा, कहा- ‘चुप क्यों’
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.