Feedback
पंजाब के फरीदकोट जिले के जैतो इलाके में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 18 साल की छात्रा की मौत हो गई. बेकाबू कार ने सड़क किनारे बनी चाय की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान चलाने वाले व्यक्ति समेत दो लोग घायल हो गए. दोनों घायलों को इलाज के लिए जैतो सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मृतका की पहचान अर्शप्रीत कौर के रूप में हुई है. वह हरदयाल नगर, जैतो निवासी इकबाल सिंह की बेटी थी और बठिंडा के DAV कॉलेज में BCA की पढ़ाई कर रही थी. जानकारी के मुताबिक, अर्शप्रीत रेलवे स्टेशन के पास मार्केट की तरफ जा रही थी, तभी बिशनंदी रोड पर गेट की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी.
यह भी पढ़ें: चट्टे का नशा या आपसी लड़ाई? फरीदकोट में लोगों ने घरों पर लगाए ‘बिकाऊ है’ का पोस्टर, पुलिस बोली-‘गलत रंग दिया जा रहा’
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क किनारे स्थित चाय की दुकान में जा घुसी. हादसे में अर्शप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, दुकान चलाने वाले प्रिंस कुमार और उनके भाई को भी कार की टक्कर से चोटें आईं.
घायलों ने बताई कार की तेज रफ्तार की बात
घायल चाय विक्रेता प्रिंस कुमार ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत ज्यादा थी. उनके मुताबिक, वह और उनके भाई चाय के खोखे में बैठे हुए थे, तभी कार अचानक दुकान से टकरा गई. हादसे में दोनों को काफी चोट लगी. उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिसकर्मी एक प्राइवेट गाड़ी से कार का पीछा कर रहे थे.
घायलों का कहना है कि इसी दौरान एक युवती सड़क पार कर रही थी और तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. सूचना मिलते ही जैतो पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया है. वाहन को कब्जे में लेकर उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है. पुलिस आगे की पूछताछ के आधार पर मामले में कार्रवाई कर रही है.
SSP ने बताया- चालक गिरफ्तार
फरीदकोट के SSP जसप्रीत सिंह ने बताया कि हिट एंड रन मामले में एक काले रंग की कार बहुत तेज रफ्तार से जा रही थी. इसी दौरान उसने एक लड़की को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में उसकी मौत हो गई. मृतका की पहचान अर्शदीप कौर के रूप में हुई है.
SSP के मुताबिक, पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
इस हादसे में एक तरफ 18 वर्षीय BCA छात्रा की जान चली गई, वहीं सड़क किनारे चाय की दुकान चलाने वाले दो लोग भी घायल हुए. पुलिस की जांच में अब यह स्पष्ट किया जाएगा कि कार किस परिस्थिति में इतनी तेज रफ्तार से जा रही थी और हादसे से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू