Feedback
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आज यानी 4 मई को घोषित किए जाएंगे. राज्य की 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुआ है. बंगाल में किस पार्टी की सरकार बनेगी, इस पर पूरे देश की नजर बनी हुई है. सुबह से शुरू होने वाली मतगणना के साथ ही यह साफ होने लगेगा कि ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी करेंगी या फिर बीजेपी बंगाल में इतिहास रचते हुए पहली बार सरकार बनाएगी.
इस बार पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान कराया गया था. पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल और दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को हुई थी. दोनों चरणों में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया.
दोनों चरणों में 90 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ, जिसे बंगाल की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.
बंगाल विधानसभा चुनावी नतीजों से जुड़े एक-एक लेटेस्ट अपडेट के लिए इस LIVE पेज पर बने रहें. यहां सीट-दर-सीट रुझान, वीवीआईपी सीटों का हाल, जीत-हार के आंकड़े और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं लगातार मिलती रहेंगी.
चुनीत नतीजों से पहले सूबे का सियासी हाल क्या है?
पश्चिम बंगाल में इस बार मुकाबला मुख्य रूप से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस-वाम गठबंधन के बीच रहा है. चुनाव प्रचार के दौरान भ्रष्टाचार, संदेशखाली विवाद, महिला सुरक्षा, NRC-CAA, हिंदुत्व, बेरोजगारी, सीमा सुरक्षा और विकास जैसे मुद्दे सबसे ज्यादा चर्चा में रहे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, शुभेंदु अधिकारी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कई बड़े नेताओं ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी थी.
मतदान खत्म होने के बाद आए एग्जिट पोल ने बंगाल की सियासत को और गर्म कर दिया. ज्यादातर एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त मिलती दिखाई गई, जबकि कुछ सर्वे में टीएमसी की वापसी का दावा किया गया. ‘टुडेज चाणक्य’ के एग्जिट पोल में बीजेपी को 192+ सीटें मिलने का अनुमान जताया गया, जबकि टीएमसी को 100+ सीटों पर सिमटता दिखाया गया है. अगर यह अनुमान सही साबित होता है, तो बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और TMC का 15 साल पुराना दबदबा खत्म हो सकता है.
इसके अलावा Matrize ने बीजेपी को 146 से 161 सीटें और टीएमसी को 125 से 140 सीटें मिलने का अनुमान जताया है. P-Marq ने बीजेपी को 150 से 175 सीटों तक पहुंचने का दावा किया है. वहीं Chanakya Strategies ने बीजेपी को 150-160 और TMC को 130-140 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है. Poll Diary के सर्वे में भी बीजेपी को बढ़त दिखाई गई है.
हालांकि, सभी सर्वे बीजेपी के पक्ष में नहीं रहे. People’s Pulse ने टीएमसी को 177-187 सीटों के साथ मजबूत बढ़त दी है, जबकि Janmat Polls ने ममता बनर्जी की पार्टी को 195-205 सीटें मिलने का अनुमान जताया है.
कुल मिलाकर एग्जिट पोल्स ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है. कई सीटों पर कांटे की टक्कर मानी जा रही है. फाइनल तस्वीर मतगणना के बाद ही साफ होगी.
पिछले चुनाव पर एक नजर…
2021 के विधानसभा चुनाव में भी एग्जिट पोल्स ने करीबी मुकाबले का अनुमान लगाया था, लेकिन नतीजों में टीएमसी ने 215 सीटें जीतकर शानदार जीत दर्ज की थी, जबकि बीजेपी 77 सीटों के साथ मुख्य विपक्षी दल बनी थी.
इस बार क्या बंगाल में सत्ता परिवर्तन होगा या ममता बनर्जी फिर इतिहास रचेंगी, इसका जवाब कुछ ही घंटों में मिल जाएगा.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू