Feedback
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज यानी 29 अप्रैल को दक्षिण बंगाल में आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण का मतदान होना है, जिससे कई इलाकों में वोटिंग प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है.
आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और अनुकूल हवाओं के कारण अगले एक सप्ताह तक पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी.
दक्षिण बंगाल के प्रमुख जिलों जैसे-कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व बर्धमान, बांकुरा और पश्चिम मेदिनीपुर में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश होने की आशंका है, जो 3 मई तक जारी रह सकती है.
वहीं उत्तर बंगाल के पहाड़ी और तराई क्षेत्रों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूच बिहार में 3 मई तक भारी बारिश का अनुमान है. आईएमडी ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 2 मई तक पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटीय इलाकों में समुद्र में न जाएं, क्योंकि मौसम खराब रह सकता है.
पिछले कुछ दिनों से दक्षिण बंगाल, खासकर कोलकाता में दिन और रात दोनों समय तापमान काफी ज्यादा बना हुआ था. ऐसे में आने वाली बारिश से गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू