आज की बड़ी खबर लाइव: कश्मीर अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत नियुक्तियों की जाली चयन सूची प्रसारित करने में कथित संलिप्तता के लिए पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. एजेंसी ने शनिवार को यह जानकारी दी. अपराध शाखा के एक प्रवक्ता ने बताया कि एनएचएम के राज्य मोडल अधिकारी से एक पत्र प्राप्त होने के बाद मामला दर्ज किया गया और पत्र में कथित तौर पर एनएचएम जम्मू कश्मीर के मिशन निदेशक द्वारा जारी किए गए फर्जी आदेश के प्रसार का आरोप लगाया गया था. प्रवक्ता ने बताया कि ’10 मई 2021 की अधिसूचना के तहत विभिन्न पदों (कश्मीर संभाग) के लिए उम्मीदवारों की अस्थायी चयन सूची’ शीर्षक वाला फर्जी आदेश जाली पाया गया और इसे सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से प्रसारित किया जा रहा था, जिससे जनता में भ्रम पैदा हो रहा था. उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद अपराध शाखा थाना कश्मीर (अब आर्थिक अपराध शाखा) में प्रारंभिक जांच शुरू की गई.
आज की बड़ी खबर लाइव: असम सरकार ने गायक-संगीतकार जुबिन गर्ग की मौत की जांच के लिए एक सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन किया है. यह जानकारी एक आधिकारिक आदेश में दी गई है. गुवाहाटी हाईकोर्ट के जस्टिस सौमित्र सैकिया की अध्यक्षता वाले इस आयोग को छह महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी. मुख्यमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार देर रात आदेश की प्रति एक्स (X) पर साझा की. आदेश में कहा गया है कि आयोग सिंगापुर में 19 सितंबर को हुई गर्ग की मृत्यु से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच करेगा. एक सदस्यीय यह पैनल यह भी जांच करेगा कि लोकप्रिय गायक की मौत के मामले में किसी व्यक्ति, संस्था या प्राधिकरण की ओर से कोई लापरवाही, चूक या अनुचित कार्य तो नहीं हुआ. इसके अलावा आयोग यह भी पता लगाएगा कि क्या किसी बाहरी तत्व (जैसे साजिश, षड्यंत्र या कोई अवैध गतिविधि) का इस घटना से कोई संबंध या प्रभाव था. गर्ग की मौत सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय रहस्यमय परिस्थितियों में हुई थी. वे वहां श्यामकनु महंता और उनकी कंपनी द्वारा आयोजित ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ के चौथे संस्करण में भाग लेने गए थे.
आज की बड़ी खबर लाइव: करूर भगदड़ मामले की जांच के लिए मद्रास हाईकोर्ट के आदेश पर गठित एक विशेष जांच दल (एसआईटी) जल्द घटनास्थल का दौरा कर सकता है. आईपीएस अधिकारी असरा गर्ग के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है. 27 सितंबर को हुई इस घटना में 41 लोगों की जान चली गई थी. जानकारी सामने आई है कि एसआईटी को शनिवार को करूर पुलिस की तरफ से केस फाइलें मिलने की उम्मीद है. इसके बाद जांच शुरू करते हुए एसआईटी घटनास्थल पर जाएगी और गवाहों को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है. इस एसआईटी में आईजी असरा गर्ग के अलावा नमक्कल की पुलिस अधीक्षक विमला और सीएससीआईडी पुलिस अधीक्षक श्यामला देवी शामिल हैं. इसी बीच, भगदड़ मामले में फरार संदिग्धों, आनंद और निर्मल कुमार की सक्रिय रूप से तलाश की जा रही है.
आज की बड़ी खबर लाइव: मध्य प्रदेश और राजस्थान में बच्चों की मौत के बाद तमिलनाडु सरकार ने कोल्ड्रिफ कफ सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है. चेन्नई की कंपनी द्वारा निर्मित इस सिरप को बाजार से हटाने के निर्देश दिए गए हैं. दिल्ली और चेन्नई के औषधि नियंत्रण अधिकारियों ने दवा संयंत्र की जांच की है. राजस्थान सरकार ने औषधि नियंत्रक को निलंबित कर दिया और केसन्स फार्मा की दवाओं पर रोक लगाई.
आज की बड़ी खबर लाइव: लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए शांति और विकास दोनों जरूरी हैं तथा इस बात पर बल दिया कि सामान्य स्थिति बहाल करने के साथ-साथ विकास पर भी जोर दिया जाएगा. उपराज्यपाल ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क, जवाबदेह और जनता के प्रति सहयोगी रवैया अपनाने का निर्देश भी दिया. केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के लिए सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपराज्यपाल गुप्ता ने लेह को पूर्ण राज्य बनाने और इसे छठे अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर 24 सितंबर को हुए विरोध-प्रदर्शनों का जिक्र किया, जिनमें चार लोगों की मौत हो गई थी और 90 घायल हुए थे. गुप्ता ने हाल में पाबंदियों में छूट मिलने के दौरान लोगों द्वारा प्रदर्शित किये गए संयम और जिम्मेदारी की भावना की तारीफ की और कहा कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने में लोगों की भूमिका बहुत अहम रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और विकास और सद्भाव की उनकी आकांक्षाओं की रक्षा के लिए अथक प्रयास कर रहा है.
आज की बड़ी खबर लाइव: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में कोलंबिया यात्रा के दौरान भारत के लोकतंत्र को खतरे में बताया था. उनके बयान पर सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. इसी कड़ी में कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राहुल गांधी के बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की. उन्होंने राहुल गांधी के बयान को भारत विरोधी करार देते हुए कहा, ‘लोकतंत्र का दुर्भाग्य है कि राहुल गांधी जैसे नेता विपक्ष के नेता बन बैठे हैं. विपक्षी दलों ने उन्हें अपना नेता स्वीकार किया, लेकिन वह बार-बार विदेश जाकर भारत का अपमान करते हैं. कभी-कभी लगता है कि उनके भीतर भारत विरोधी आत्मा बस चुकी है. यह उनकी आदत और फितरत बन गई है.’
आज की बड़ी खबर लाइव: ओडिशा के गजपति ज़िले में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है, जहां भूस्खलन की चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान बस्त्रिगुड़ा ग्राम पंचायत के त्रिनाथ नायक और मेरिपल्ली ग्राम पंचायत के लक्ष्मण नायक के रूप में हुई है. गजपति जिला कलेक्टर मधुमिता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी पुष्टि की. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने स्थिति का जायजा लेने के लिए ज़िला कलेक्टर से बातचीत की और वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री बिभूति भूषण जेना को गजपति जाने और राहत व बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए. बस्त्रिगुड़ा क्षेत्र में, जो आर. उदयगिरि थाने के अंतर्गत आता है, भूस्खलन हुआ। इस दौरान लोग घर लौट रहे थे, तभी ग्रामीण इलाके में बड़े-बड़े पत्थर गिर पड़े.
आज की बड़ी खबर लाइव: महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग ज़िले में पिकनिक के दौरान अरब सागर में एक ही परिवार के कम से कम तीन सदस्यों की डूबकर मौत हो गई, जबकि चार अन्य लापता हैं. पुलिस ने यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि समूह में शामिल 16 वर्षीय एक लड़की को बचा लिया गया. यह घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे शिरोदा-वेलाघर बीच पर हुई, जो मुंबई से 490 किलोमीटर से अधिक दूर है. अधिकारी ने बताया कि परिवार के आठ लोग पिकनिक पर आए थे. इनमें से दो कुडाल (सिंधुदुर्ग) के रहने वाले थे, जबकि छह अन्य कर्नाटक के बेलगावी से आए थे. सभी आठ लोग तैरने के लिए समुद्र में उतरे थे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाज़ा न लगा पाने के कारण वे डूबने लगे. पुलिस और स्थानीय आपदा प्रबंधन टीमों ने बचाव अभियान चलाया और तीन शव बरामद किए, जबकि चार अन्य अब भी लापता हैं. अधिकारी ने बताया कि 16 वर्षीय एक लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. शेष चार की तलाश देर शाम तक जारी रही. मृतकों की पहचान फरीन इरफान कित्तर (34), इबाद इरफान कित्तर (13) और नामीरा आफताब अख्तर (16) के रूप में हुई है. लापता लोगों की पहचान इरफान मोहम्मद कित्तर (36), इकवान इमरान कित्तर (15), फरहान मणियार (25) और जाकिर निसार मणियार (13) के रूप में हुई है.