Union Budget 2025 Stock Market Live: 1 फरवरी को केंद्रीय बजट 2025 संसद में सुबह 11 बजे पेश होगा। बजट के चलते शनिवार को भी शेयर बाजार में ट्रेडिंग होगी। वैसे तो पिछले 10 सालों में 14 बार पेश हुए बजट के दौरान बजट डे पर 8 बार शेयर बाजार लुढ़का है और 6 बार चढ़ा है। पिछले 3 बार से लगातार बजट के दिन निफ्टी लाल ही रहा है। अब देखना यह है कि 2025 का बजट डे शेयर बाजार के लिए कैसा रहता है।
Stock Market Live Updates: जनवरी में कैसी रही मार्केट की चाल
पूरे जनवरी महीने में बीएसई सेंसेक्स 638.44 अंकों के नुकसान में रहा। वहीं एनएसई निफ्टी में 136.4 अंकों की गिरावट आई। बीएसई स्मॉलकैप 1.83 प्रतिशत उछला, जबकि बीएसई मिडकैप 1.76 प्रतिशत मजबूत हुआ। अब बजट के बाद फरवरी महीने से निवेशकों को काफी उम्मीदें हैं।
Stock Market Live Updates: क्या बजट के बाद FII का बदलेगा रुख?
भारतीय शेयरों में 30 जनवरी तक विदेशी संस्थागत निवेशकों यानि FIIs का ग्रॉस इनवेस्टमेंट लगभग 25 अरब डॉलर रहा। यह 15 महीनों में सबसे कम है। इससे पहले FII की ओर से निवेश का ऐसा स्तर अक्टूबर 2023 में देखा गया था। सितंबर 2024 में FII ने भारतीय शेयरों में लगभग 52 अरब डॉलर की रिकॉर्ड खरीद की थी। सेलिंग की बात करें तो 30 जनवरी तक FII ने ग्रॉस 32.60 अरब डॉलर के भारतीय शेयर बेचे। अगर बजट शेयर बाजार के लिए खुशखबरी लेकर आता है तो हो सकता है कि FII की भारतीय शेयरों में दिलचस्पी फिर से बढ़ जाए।
Stock Market Live Updates: बजट के दिन निफ्टी और निफ्टी बैंक पर रणनीति
सीएनबीसी-आवाज के वीरेंद्र कुमार ने बजट के दिन निफ्टी पर रणनीति बताते हुए ने कहा कि इस इंडेक्स के लिए पहला रजिस्टेंस 23579-23622 पर है। बड़ा रजिस्टेंस 23667-23710/744 पर दिख रहा है। वहीं पहला बेस 23344-23410 पर और बड़ा बेस 23181/23225-23281 पर है। वहीं निफ्टी बैंक को लेकर उन्होंने कहा कि पहला रजिस्टेंस 49710-49871 पर और बड़ा रजिस्टेंस 50041-50210/50280 पर है। वहीं पहला बेस 49026/49123-49310 पर है, जबकि बड़ा बेस 48570/48688-48808 पर है।
Stock Market Live Updates: 10 साल में बजट के दिन कैसा रहा है मार्केट का हाल
पिछले 10 सालों में अंतरिम और फुल, दोनों तरह के बजट मिलाकर कुल 14 बार बजट पेश किया गया है। इसमें से 8 बार बजट के दिन शेयर बाजार में गिरावट रही। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में बंद हुए। केवल 6 बार ऐसा हुआ कि बजट पर बाजार में तेजी आई। पिछले 3 बार से लगातार बजट के दिन निफ्टी लाल ही रहा है। अब देखना है कि 2025 का बजट डे शेयर बाजार के लिए कैसा रहता है।
Stock Market Live Updates: बजट अच्छा रहा तो 1000 अंक चढ़ सकता है निफ्टी
सीएनबीसी-आवाज के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल का कहना है कि बजट से पहले बाजार की पोजीशनिंग काफी कंफ्यूजिंग होगी। सिर्फ 4 दिन का मूव देखें तो लगेगा काफी बड़ी प्री-बजट रैली हुई। लेकिन अगर पूरे जनवरी पर गौर करें तो प्री-बजट बड़ी बिकवाली दिखेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर बजट ने निराश किया तो निफ्टी के लिए 22800 पर वापस टूटने का खतरा बढ़ेगा। वहीं अगर बजट अच्छा रहा तो निफ्टी में 1000 अंकों की रैली आ सकती है।
Stock Market Live Updates: ग्रोथ, इंफ्रास्ट्रक्चर और कैपेक्स पर ज्यादा ध्यान की उम्मीद
यह बजट ऐसे समय में आ रहा है, जब वैश्विक और घरेलू स्तर पर कई आर्थिक चुनौतियां बनी हुई हैं। उम्मीद है कि इस बार के बजट में वित्त मंत्री का ग्रोथ, इंफ्रास्ट्रक्चर और कैपेक्स पर ज्यादा ध्यान रहेगा। ऐसे में इनसे जुड़े स्टॉक्स फोकस में रहेंगे। जैसे कि L&T, अशोका बिल्डकॉन, HUL, ITC, अल्ट्राटेक सीमेंट आदि। पावर सेक्टर भी सरकार के लिए मुख्य फोकस एरिया बना हुआ है। पिछले साल के बजट में बिजली मंत्रालय को 20,502 करोड़ रुपये एलोकेट हुए थे।
Stock Market Live Updates: क्या डिफेंस स्टॉक्स को मिलेगा बूस्टर डोज?
उम्मीद की जा रही है कि बजट में डिफेंस सेक्टर के लिए एलोकेशन इस बार ज्यादा रहेगा। अगर ऐसा हुआ तो डिफेंस स्टॉक्स में बड़ी तेजी आने की संभावना है। 31 जनवरी को डिफेंस स्टॉक्स में अच्छा उछाल देखा गया। गार्डन रीच शिपबिल्डर्स, पारस डिफेंस, भारत इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स, मझगांव डॉक, कोचीन शिपयार्ड्स, भारत डायनेमिक्स के शेयरों में 7 प्रतिशत तक की तेजी आई थी।
Stock Market Live Updates: 31 जनवरी को रुपये की कैसी रही चाल
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया कमजोर रुख के साथ 86.63 पर खुला और बाद में 86.62 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। बीच में इसने 86.59 का हाई और 86.65 का लो देखा। इकोनॉमिक सर्वे में कहा गया कि भारतीय रुपये ने कनाडाई डॉलर, दक्षिण कोरियाई वोन और ब्राजीलियाई रियाल जैसी अन्य करेंसीज से बेहतर प्रदर्शन किया है। चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में भारतीय रुपये में मामूली 2.9 प्रतिशत की गिरावट आई है।
Stock Market Live Updates: 31 जनवरी को पेश हुआ था इकोनॉमिक सर्वे
शुक्रवार को संसद में इकोनॉमिक सर्वे 2024-25 पेश किया गया। इसमें अनुमान जताया गया है कि मजबूत बुनियाद, सूझ-बूझ वाली राजकोषीय मजबूती की रूपरेखा और निजी खपत बने रहने के साथ देश की आर्थिक वृद्धि दर वित्त वर्ष 2025-26 में 6.3 प्रतिशत से 6.8 प्रतिशत रह सकती है। इकोनॉमिक सर्वे से यह संकेत मिलता है कि बजट आर्थिक वृद्धि को गति देने वाला होगा।
Stock Market Live Updates: एक दिन पहले कैसी रही थी बाजार की चाल
शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला 31 जनवरी को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। बीएसई सेंसेक्स 740.76 अंक या 0.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,500.57 पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी 258.90 अंक या 1.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,508.40 पर बंद हुआ। पूरे जनवरी महीने में सेंसेक्स 638.44 अंकों के नुकसान में रहा, जबकि निफ्टी में 136.4 अंकों की गिरावट आई। बीएसई स्मॉलकैप 1.83 प्रतिशत उछला, जबकि बीएसई मिडकैप 1.76 प्रतिशत मजबूत हुआ।
Stock Market Live Updates: सीतारमण का 8वां बजट
निर्मला सीतारमण वित्त मंत्री के तौर पर लगातार 8वीं बार संसद में बजट पेश करेंगी। यह मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का दूसरा फुल बजट है। वहीं 2014 में पहली बार नरेंद्र मोदी सरकार के अस्तित्व में आने के बाद से इस सरकार का 14वां बजट होगा। मोदी कार्यकाल में 2 बार अंतरिम बजट पेश किए गए हैं, एक साल 2019 में और दूसरा साल 2024 में।
Stock Market Live Updates: बजट के चलते शनिवार को मार्केट ओपन
शनिवार और रविवार को शेयर बाजारों में छुट्टी रहती है। लेकिन चूंकि बजट 2025 शनिवार को पेश होने जा रहा है, इसलिए शेयर बाजार शनिवार को खुले हुए हैं। आज बाजार में बाकी कारोबारी दिनों की तरह ही सामान्य तरीके से कारोबार होगा। सेंसेक्स और निफ्टी पर शेयरों को खरीदा-बेचा जा सकेगा।
Stock Market Live Updates: आज खत्म होगा बजट का इंतजार
आज 1 फरवरी को देश का केंद्रीय बजट 2025 पेश होने वाला है। दोपहर 11 बजे इसे संसद में पेश किया जाएगा। बजट के दिन शेयर बाजार पर खास नजर रहती है क्योंकि बजट के ऐलानों के हिसाब से बाजार में उतारचढ़ाव आता है। पीएसयू, डिफेंस, रेलवे स्टॉक्स पर मुख्य रूप से फोकस रहेगा।
Stock Market Live Updates
मनीकंट्रोल के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है।