रायपुर। 07 नवंबर 2026| प्रापर्टी डीलर से फिरौती और बंधक बनाकर मारपीट के आरोप में फंसे कारोबारी अनवर ढेबर की परेशानी एक बार फिर बढ़ सकती है। शराब घोटाला व मैन पावर घोटाले में फंसे अनवर ढेबर को सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत मिली है। फिरौती और मारपीट के आरोप में पुलिस का शिकंजा कसा और मामला अदालत तक पहुंची तब क्या होगा?
अटकलें लगाई जा रही है, चार करोड़ की फिरौती के लिए बंधक बनाकर मारपीट के आरोप में पुलिस ने कहीं अनवर ढेबर सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया तब क्या निचली अदालत से अनवर को जमानत मिल पाएगी। शराब और मैन पावर घोटाले में केंद्रीय जांच एजेंसियों ने अनवर को सिंडिकेट का मुख्य सरगना माना है और इसी आधार पर मामले को आगे बढ़ाया गया है। ताजा मामले में अदालत के सामने शराब और मैनपावर घोटाले का जिक्र आया तब कोर्ट का क्या रुख होगा? इन सब बातों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कुछ इस तरह की परेशानी का सामना आसिफ मेमन व कुबेर राठी को भी करना पड़ सकता है।
वीडियो फूटेज खंगाल रही पुलिस
प्रापर्टी डीलर से चार करोड़ रुपए की उगाही करने के लिए बंधक बनाकर मारपीट करने तथा धमकी देने के प्रकरण की गंज पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना स्थल से मिले वीडियो फूटेज, प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर पुलिस प्रकरण में जरूरत पड़ने पर अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर सकती है। इस बात की पुष्टि सेंट्रल जोन के एसीपी दीपक मिश्रा ने की है।
पढ़िए क्या है मामला?
कालीबाड़ी निवासी बलीराम धरमानी की शिकायत पर पुलिस ने अनवर ढेबर, कुबेर राठी, आसिफ मेमन, विवेक जोशी, नागेंद्र पाण्डेय तथा संदीप अग्रवाल के खिलाफ फिरौती, बंधक बनाकर मारपीट करने की केस दर्ज किया है। प्रापर्टी डीलर के साथ होटल वेलिंगटन में मारपीट की गई थी। इसके लिए पुलिस ने होटल से सीसीटीवी फूटेज कलेक्शन करने के साथ ही डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने प्रापर्टी डीलर के मोबाइल से उनके तथा आरोपियों के बीच कब-कब कितनी देर बातचीत हुई है, इसका कॉल डिटेल निकाल चुकी है
रिपोर्ट दर्ज होने के दूसरे दिन पुलिस की टीम ने घटना से जुड़े साक्ष्य कलेक्शन करना शुरू कर दिया था। साक्ष्य जुटाने के बाद डीवीआर को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस पीड़ित, प्रत्यक्षदर्शी तथा आरोपियों के बयान दर्ज करेगी। बयान के आधार पर पुलिस जरूरत पड़ने पर आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।