कवर्धा। 03 नवंबर 2026| कबीरधाम के जंगल से लगे गांवों में अब वन्यप्राणियों का मूवमेंट लोगों के लिए खतरा बनते जा रही है। छपरी गांव में रविवार देर शाम बाइक से गुजर रहे एक ग्रामीण पर सियार ने हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण के हाथों में चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
बाइक सवार का शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हमले के बाद ग्रामीणों ने सियार को घेर लिया। उसे काबू में करने के लिए जाली का इस्तेमाल किया और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने सियार को अपने कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच कराई। जांच के बाद वन्य प्राणी को सुरक्षित भोरमदेव अभ्यारण्य में छोड़ दिया है।
दशरंगपुर में रात को दिखा लकड़बग्घा
रविवार रात को ग्राम दशरंगपुर में लकड़बग्घा दिखाई दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है। वन विभाग के अफसरों ने ग्रामीणों को शाम के समय रास्तों से गुजरते हुए सतर्क रहने की अपील की है। आवश्यक ना हो तो रात के समय सफर करने से बचने की सलाह दी है।
डीएफओ निखिल अग्रवाल का कहना है, रविवार देर शाम सियार के हमले की सूचना मिली थी। ग्रामीणों ने सियार को पकड़कर वन विभाग को सौंपा। चेकअप के बाद वन्यप्राणी को भोरमदेव अभ्यारण्य में छोड़ दिया है।
पांच वन्यप्राणियों की मौत, ग्रामीण हुए घायल
वर्ष 2022 में करियाआमा क्षेत्र में भालू के हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया था। मई 2025 में थुवापानी जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए 4 ग्रामीणों पर दो भालुओं ने हमला किया।
21 नवंबर 2025 को बहनाखोदरा में दो गौर और 16 दिसंबर को जामपानी में दो गौर मृत मिले। दिसंबर 2025 में मोतीनपुर-बोटेसूर जंगल में एक तेंदुए की भी मौत हुई। इस तरह 5 वन्यप्राणियों की मौत दर्ज हुई। 31 अक्टूबर 2026 को कुटकी पारा में लकड़ी लेने गए टेकराम ध्रुव पर तेंदुए ने हमला कर दिया था।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।