बेमेतरा। 06 नवंबर 2026| छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। वार्ड नंबर-2 स्थित सतनाम चौक पर रात करीब 3:35 बजे दो कारों और एक ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई। हादसे में 4 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में फंसे लोगों को दरवाजा तोड़कर बाहर निकालना पड़ा।
नवागांव से लौट रहा एक परिवार कार CG 04 SC 8643 में सवार था। कार में तीन महिलाएं और चालक समेत चार लोग थे। इसी दौरान बेमेतरा की ओर से आ रही कार CG 25 H 238 ने उसे टक्कर मार दी।
परिवार की कार में आगे बैठी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वह बेरला क्षेत्र के ग्राम सोढ़ की रहने वाली थी। दूसरी कार में सवार दो युवकों में से वाइस उर्फ लक्की देशलहरे की मौके पर मौत हो गई। वह बेमेतरा का रहने वाला था। दूसरी कार के चालक की पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है।
दो कार और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार कार ने पहले टाटा कार नंबर CG 04 MZ 3474 और परिवार की रेनॉल्ट कार नंबर CG 04 SC 8643 को टक्कर मारी। इसके बाद ट्रैक्टर को टक्कर मारते हुए कार मकान की दीवार से जा भिड़ी। हादसे में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
कार का दरवाजा तोड़कर घायलों को निकाला बाहर
हादसे के समय वहां से गुजर रहे एंबुलेंस चालक सूरज मानिकपुरी ने बताया कि वह कवर्धा से मरीज लेकर आ रहे थे। इसी दौरान रात करीब 3:35 बजे सतनाम चौक पर दोनों कारों के बीच जोरदार टक्कर हुई।
बेमेतरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार दूसरी कार को टक्कर मारते हुए मकान में जा घुसी। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए दरवाजे तोड़ने पड़े। इसके बाद घायलों को एसआरएस अस्पताल पहुंचाया गया।
कहीं नशे में तो नहीं कर था ड्राइविंग? जांच में जुटी पुलिस
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार का चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। कार चालक के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसकी जानकारी जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।