इमेज सोर्स- NPG News
बिलासपुर। 06 जून 2026| छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के रतनपुर के कृष्णार्जुनी तालाब में मछली मारने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मछुआरा समिति ने भाजपा पार्षद इंदु यादव और दीपक विजय पर बिना अनुमति तालाब से मछलियां निकालने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं ने बतौर सबूत फोटो-वीडियो होने का दावा किया है। पार्षद पक्ष का कहना है कि तालाब की सफाई के लिए जाल डाला गया था। शिकायत थाने तक पहुंच चुकी है। इससे पहले भी रतनपुर के तालाब कछुओं की मौत के मामले को लेकर सुर्खियों में रहे हैं।
रतनपुर में कुछ समय पहले महामाया मंदिर परिसर के भीतर तालाब से कछुओं के शिकार और उनकी मौत का मामला सामने आया था। उस घटना ने वन्यजीव संरक्षण और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। अब कृष्णार्जुनी तालाब से कथित रूप से मछली चोरी के आरोप ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।
पढ़िए क्या है पूरा मामला?
भाजपा पार्षद इंदु यादव और दीपक विजय के खिलाफ मछुआरा समिति ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। समिति का आरोप है कि लीज पर संचालित कृष्णार्जुनी तालाब में बिना अनुमति प्रवेश कर मछलियां निकाली गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। समिति का दावा है कि घटना से जुड़े फोटो और वीडियो सहित पर्याप्त साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।
मछुआरा समिति का कहना है कि तालाब में कुछ लोगों को मछली निकालते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। समिति के अनुसार पूरी घटना मोबाइल कैमरे में कैद हुई है और यही साक्ष्य शिकायत के साथ पुलिस को सौंपे गए हैं। समिति का आरोप है कि लीजधारी संस्था के अधिकारों का खुलेआम उल्लंघन किया गया।
पढ़िए भाजपा पार्षद ने क्या कहा?
भाजपा पार्षद इंदु यादव ने मछली चोरी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा, तालाब में गंदगी फैली हुई थी और सफाई के उद्देश्य से जाल डाला गया था। शिकायत दर्ज होने और साक्ष्य होने के दावों के बावजूद अब तक कोई बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आने से स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का दौर शुरू हो गया है।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।