chandauli news
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के जंगल में बीती रात एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद हुआ था, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी थी। नौगढ़ पुलिस ने आखिरकार इस गुत्थी को सुलझाने में सफलता हासिल कर ली है। पुलिस ने पड़ोसी राज्य बिहार से जुड़े इस मामले में मृतक की पहचान कर ली है और घटना की तह तक पहुंचने में कामयाब रही है।
नौगढ़-चकिया मार्ग पर सुरहुरिया पहाड़ी के पास एक गुरुच के पेड़ से अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव लटका हुआ मिला था। शव कई दिनों से पेड़ पर लटका रहने के कारण बुरी तरह से सड़ गया था और उसमें से दुर्गंध आ रही थी। दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शव इतना सड़ चुका था कि उसकी पहचान कर पाना मुश्किल था, जिसके चलते पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया।
फोरेंसिक टीम ने जब शव की तलाशी ली तो उसकी जेब से एक मतदाता पहचान पत्र मिला। इस पहचान पत्र ने पुलिस को मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण सुराग दिया। पहचान पत्र के अनुसार, मृतक का नाम रामजी राम था, जो वनवारी राम का पुत्र और बिहार के कैमूर भभुआ जिले के चांद थाना क्षेत्र के शिवरामपुर पोस्ट के अईलाय गांव का निवासी था।
पहचान पत्र के आधार पर नौगढ़ पुलिस ने तुरंत पड़ोसी राज्य बिहार के भभुआ जिले के चांद थाने की पुलिस से संपर्क किया। चांद पुलिस ने अईलाय गांव के सरपंच मनोज गुप्ता से संपर्क साधा। सरपंच ने नौगढ़ पुलिस को बताया कि पहचान पत्र में उल्लिखित नाम का व्यक्ति उनके गांव का ही रहने वाला है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक का एक बेटा सूरज उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में अपने परिवार के साथ रहता है और मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता है।
सरपंच ने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि राम जी राम सनकी स्वभाव का था और अक्सर अपने गांव और अपने बेटे के घर डुमरिया आता-जाता रहता था। गांव में उसका किसी से कोई विवाद नहीं था।
नौगढ़ पुलिस ने डुमरिया गांव पहुंचकर सूरज को उसके पिता की मृत्यु की सूचना दी और उसे थाने ले आई। शव पहचान के लायक नहीं था, लेकिन कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की गई। सूरज ने गांव में अपनी मां से संपर्क किया, जिन्होंने कपड़ों की हुलिया के आधार पर शव की पहचान की पुष्टि की। गांव के लोगों को राम जी राम के नौगढ़ जाने की जानकारी थी और सूरज को भी (शायद) उनके पिता घर पर होंगे, किसी को किसी प्रकार का संदेह नहीं था। इसलिए किसी ने भी न उनका पता लगाया और न ही उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
नौगढ़ थाने के निरीक्षक रमेश यादव ने बताया कि अज्ञात अधेड़ व्यक्ति के शव की पहचान हो गयी है। पहचान की पुष्टि होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे यह पता चल सके कि यह हत्या है या आत्महत्या। इस घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी, बच्चे, बहुएं और नाती-पोतों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
कंटेंट राइटर
मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।