छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंडिया टुडे बेस्ट कॉलेज सब्जेक्ट रैंकिंग्स-2026 में विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार और होटल मैनेजमेंट विभाग ने देश के शीर्ष शिक्षण संस्थानों में जगह बनाई है। खास बात यह रही कि उत्तर प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों में दोनों विषयों में सीएसजेएमयू पहले स्थान पर रहा।
रविवार देर शाम जारी रैंकिंग में विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग को देशभर में 37वीं रैंक मिली, जबकि होटल मैनेजमेंट विभाग 41वें स्थान पर रहा। उत्तर प्रदेश के किसी भी अन्य राज्य विश्वविद्यालय को इन दोनों विषयों में इससे बेहतर रैंकिंग नहीं मिली। इसे विश्वविद्यालय की रोजगारपरक और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था का परिणाम माना जा रहा है।
डिजिटल मीडिया और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग का मिला फायदा
पत्रकारिता विभाग ने पिछले कुछ वर्षों में अपने पाठ्यक्रम में डिजिटल मीडिया, मल्टीमीडिया जर्नलिज्म, सोशल मीडिया कम्युनिकेशन और जनसंपर्क जैसे आधुनिक विषयों को शामिल किया है। छात्रों को मीडिया संस्थानों में इंटर्नशिप और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी कराई जा रही है। इसका सकारात्मक असर राष्ट्रीय रैंकिंग में देखने को मिला।
होटल इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुसार तैयार हो रहे छात्र
होटल मैनेजमेंट विभाग ने भी आधुनिक प्रयोगशालाओं और व्यावसायिक प्रशिक्षण के जरिए अपनी पहचान मजबूत की है। विभाग में छात्रों को इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अलावा कई प्रतिष्ठित होटल समूहों के साथ साझेदारी होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई पूरी करने के बाद बेहतर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
इन मानकों पर तय होती है रैंकिंग
इंडिया टुडे और एमडीआरए की यह रैंकिंग शैक्षणिक गुणवत्ता, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षकों की क्षमता, रिसर्च, इंडस्ट्री कनेक्ट, प्लेसमेंट रिकॉर्ड और छात्रों के समग्र प्रदर्शन जैसे कई मानकों के आधार पर तैयार की जाती है। इन सभी पैमानों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए सीएसजेएमयू ने यह उपलब्धि हासिल की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन और दोनों विभागों के शिक्षकों का कहना है कि इस राष्ट्रीय उपलब्धि से संस्थान की प्रतिष्ठा और मजबूत होगी। इससे प्रदेश ही नहीं, देशभर के विद्यार्थियों का रुझान कानपुर विश्वविद्यालय की ओर बढ़ेगा। आने वाले समय में स्टार्टअप, स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से रैंकिंग को और बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.