दिल्ली विधानसभा की कुल 70 सीटों पर चुनाव आयोग ने इलेक्शन का ऐलान 7 जनवरी 2025 को कर दिया. चुनाव आयोग द्वारा तय कार्यक्रमों के मुताबिक दिल्ली में एक चरण में 5 फरवरी 2025 को मतदान होगा. चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को आएंगे. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के खाते में आठ सीटें आई थीं. कांग्रेस साल 2015 और 2020 में खाता तक भी नहीं खोल पाई.
दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतदान के लिए 13 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथ बनाए हैं. दिल्ली में कुल एक करोड़ 55,24,858 वोटर्स मताधिकार का प्रयोग करेंगे. राष्ट्रीय राजधानी में पुरुष मतदाता 85,49,645 हैं. महिला मतदाता 71,73,952 हैं। दिल्ली के चुनाव में इस बार दो लाख से ज्यादा मतदाता पहली बार फर्स्ट वोटर के रूप में मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.
आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों के लिए पार्टी के प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं. आप ने महिलाओं को 2100 रुपये हर माल सम्मान राशि देने, 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों का फ्री में इलाज कराने, पुजारियों और ग्रंथियों को 18 हजार रुपये प्रति माह देने का दांव खेला है.
कांग्रेस ने अभी तक 47 सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित किए हैं. वहीं बीजेपी ने 29 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं. बीजेपी ने अभी तक घोषणा पत्र (संकल्प पत्र) भी जारी नहीं किए हैं.
इस बार भी मुख्य चुनावी मुकाबला आप और बीजेपी के बीच होने की संभावना है, लेकिन कांग्रेस इस बार पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रही है. कांग्रेस के इस रुख से कई सीटों पर त्रिकोणीय मुकबाला होने की संभावना है. इन सियासी समीकरणों के बावजूद चुनावी नतीजे के लिए लोगों को आठ फरवरी तक का इंतजार करना होगा. ऐसा इसलिए कि इस बार दिल्ली का चुनाव सबसे ज्यादा रोचक होने की उम्मीद है.
आप की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस बीजेपी की बी टीम की तरह काम कर रही है. कांग्रेस को अब खुल के यह स्वीकार कर लेना चाहिए की उनका गठबंधन बीजेपी के साथ है. कांग्रेस के नेता भी खुल के कह रहे हैं की दिल्ली में उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के साथ है.
दिल्ली कांग्रेस के नेता संदीप दीक्षित ने कहा है कि पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने लोगों के बीच खुद की छवि आम आदमी की बनाई थी, लेकिन सभी लोग हकीकत जान गए हैं. लोगों का भ्रम टूट चुका है. वह जानते हैं आप प्रमुख सीएम बनने के बाद आम आदमी नहीं रहे.
बीजेपी के पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा का दावा है कि इस बार दिल्ली में बीजेपी की सरकार बन रही है, इसलिए अरविंद केजरीवाल बौखला गए हैं. वह पहले जिन जिन नेताओं को भला बुरा कहते थे, आज वही उनका साथ दे रहे हैं.
दिल्ली चुनाव पर बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के दिन लद चुके हैं. आप प्रमुख की हकीकत जनता समझ चुकी है. दिल्ली की जनता ने डबल इंजन की बीजेपी सरकार बनाने का मन बना लिया है. दिल्ली में बीजेपी भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है.
दिल्ली विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल को बैसाखियों की जरुरत पड़ रही है. सीएम ममता बनर्जी ने आप को समर्थन देने का ऐलान किया है. अहम यह है कि दिल्ली में ममता बनर्जी का क्या वजूद है? दिल्ली की जनता ने बीजेपी को जिताने का मन बना लिया है? कांग्रेस के अलग चुनाव लड़ने से आप नेता बौखला गए हैं. दिल्ली का यह चुनाव आम आदमी पार्टी के ताबूत का आखरी कील साबित होगा. अरविंद केजरीवाल अब मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे.