Delhi Crime News: शराबी जीजा के बहन को प्रताड़ित करने से तंग आकर साले ने चाकू गोदकर उसे मौत के घाट उतार दिया. जिसमें परिजनों का आरोप है कि नीरज शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था.
Trending Photos
Delhi Crime News: उत्तर पूर्वी दिल्ली नंद नगरी इलाके में शराबी जीजा के बहन को प्रताड़ित करने से तंग आकर साले ने चाकू गोदकर उसे मौत के घाट उतार दिया. इस वारदात ने एक परिवार को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया. गंभीर रूप से घायल जीजा ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने मामले में आरोपी साले को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है.
मृतक की पहचान 30 वर्षीय नीरज कुमार के रूप में हुई है, जो ताहिरपुर इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था. उसके परिवार में पत्नी और तीन मासूम बेटियां हैं. बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले ही उसकी पत्नी ने तीसरी बेटी को जन्म दिया था और वह इन दिनों अपने मायके में रह रही थी. परिजनों का आरोप है कि नीरज शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था. हालात बिगड़ने पर गर्भवती महिला को उसके मायके लाया गया था, ताकि उसे सुरक्षित माहौल मिल सके, लेकिन इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ.
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 9 बजे ताहिरपुर इलाके से एक युवक को चाकू मारने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नीरज को तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी. शुरुआती जांच में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन सोमवार रात इलाज के दौरान नीरज की मौत हो गई, जिसके बाद मामले में हत्या की धारा लगाई गई.
जांच में सामने आया कि आरोपी रमेश यादव, जो मृतक का साला है, अपनी बहन के साथ हो रही मारपीट से बेहद परेशान था. परिजनों के अनुसार, नीरज अक्सर मायके पहुंचकर भी अपनी पत्नी को परेशान करता था. घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई. गुस्से में आकर रमेश ने घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और नीरज के पेट में ताबड़तोड़ वार कर दिए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए. तकनीकी जांच और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे ताहिरपुर इलाके से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है.
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि घरेलू हिंसा और लगातार बढ़ते पारिवारिक तनाव किस तरह खतरनाक अंजाम तक पहुंच सकते हैं. जहां एक तरफ एक महिला कथित रूप से लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही थी. वहीं दूसरी ओर गुस्से में उठाया गया एक कदम पूरे परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया.
ये भी पढ़ें: पत्नी पर शक, बेटी मेरा अपना खून नहीं… पिता ने 11 साल की मासूम को उतारा मौत के घाट
Input: Rakesh Chawla
Thank you
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts.