Shreeom Singh
Date: 17-10-26 08:58
DMRC Recruitment: दिल्ली मेट्रो में नौकरी पाने का अच्छा मौका है. दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने अलग-अलग विभागों में 73 पदों पर भर्ती निकाली है. इसमें सुपरवाइजर, इंजीनियर और सीनियर इंजीनियर समेत कई पद शामिल हैं. इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार सैलरी मिलेगी, जो अधिकतम 2.08 लाख रुपये तक हो सकती है. आवेदन की आखिरी तारीख 4 नवंबर 2026 है.
इस भर्ती के लिए आवेदन ऑफलाइन करना होगा. उम्मीदवार अपना आवेदन डाक के जरिए भेज सकते हैं. इसके अलावा, आवेदन फॉर्म और जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी ईमेल से भी भेजने का विकल्प दिया गया है. यह भर्ती जयपुर फेज-2 और दिल्ली-एनसीआर में प्रतिनियुक्ति और रिटायरमेंट के बाद संविदा के आधार पर की जाएगी.
किन पदों पर होगी भर्ती?
DMRC की इस भर्ती में आर्किटेक्चर, सिविल और ट्रैक, सिग्नलिंग एवं टेलीकम्युनिकेशन और पर्यावरण विभाग के पद शामिल हैं. इनमें सुपरवाइजर, इंजीनियर और सीनियर इंजीनियर के पदों पर नियुक्ति की जाएगी. भर्ती का मौका सरकारी संगठनों, भारतीय रेलवे, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और मेट्रो संगठनों में काम कर रहे या रिटायर हो चुके अनुभवी लोगों के लिए है.
DMRC भर्ती के लिए योग्यता
इस भर्ती में किसी खास डिग्री या डिप्लोमा के बजाय उम्मीदवार की मौजूदा सैलरी और संबंधित विभाग में काम करने के अनुभव को अहमियत दी गई है. हालांकि, आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की जानकारी भी देनी होगी.
इस भर्ती में नए उम्मीदवार आवेदन नहीं कर सकते हैं. इसके लिए ऐसे लोग पात्र हैं, जो किसी सरकारी संगठन, भारतीय रेलवे, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम या मेट्रो संगठन में कार्यरत हैं या वहां से रिटायर हो चुके हैं. उम्मीदवारों की पात्रता की गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी.
कितनी होनी चाहिए उम्र?
प्रतिनियुक्ति के आधार पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 55 साल होनी चाहिए. वहीं, रिटायरमेंट के बाद संविदा पर नियुक्ति के लिए उम्मीदवार की उम्र कम से कम 55 साल और अधिकतम 62 साल होनी चाहिए. आयु सीमा की गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर होगी.
कितने साल के लिए होगी नियुक्ति?
नोटिफिकेशन के मुताबिक, प्रतिनियुक्ति पर नियुक्ति की सामान्य अवधि 5 साल होगी. विशेष परिस्थितियों में इसे बढ़ाकर 7 साल तक किया जा सकता है. हालांकि, नियुक्ति कर्मचारी की निर्धारित रिटायरमेंट उम्र तक ही रहेगी, अगर वह अवधि इससे पहले पूरी हो जाती है.
कैसे होगा उम्मीदवारों का चयन?
उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा. वहीं, रिटायरमेंट के बाद संविदा पर नियुक्ति पाने वाले उम्मीदवारों को पर्सनल इंटरव्यू और मेडिकल फिटनेस जांच से गुजरना होगा. चयन से जुड़ी अन्य शर्तों की जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में देखी जा सकती है.
DMRC भर्ती के लिए कैसे करें आवेदन?
आवेदन करने के लिए सबसे पहले दिल्ली मेट्रो रेल निगम की आधिकारिक वेबसाइट delhimetrorail.com पर जाएं. वहां भर्ती से जुड़ा विज्ञापन नंबर DMRC/PERS/22/HR/2026 (235) खोलें और पद, विभाग, सैलरी व पात्रता की शर्तें ध्यान से पढ़ें.
इसके बाद आवेदन फॉर्म डाउनलोड करें और उसमें अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, मौजूदा नौकरी और सैलरी से जुड़ी जानकारी भरें. फॉर्म के साथ मांगे गए सभी जरूरी दस्तावेज भी लगाएं.
भरा हुआ आवेदन फॉर्म स्पीड पोस्ट से इस पते पर भेजना होगा: अतिरिक्त महाप्रबंधक/मानव संसाधन/काउंसलेशन, दिल्ली मेट्रो रेल निगम लिमिटेड, मेट्रो भवन, फायर ब्रिगेड लेन, बाराखंबा रोड, नई दिल्ली.
उम्मीदवार चाहें तो भरे हुए आवेदन फॉर्म और जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी [email protected] पर ईमेल भी कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तारीख 4 नवंबर 2026 है, इसलिए समय रहते फॉर्म जमा कर दें.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें