बेकाबू ट्रक ने ऑटो में मारी टक्कर, एक की मौत, चार घायल (Photo- Social Media)
Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सैफई थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एक पेट्रोल पंप के पास रविवार की दोपहर को हुई, जब एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने एक ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
बताते चले कि ऑटो (नंबर UP75CT2195) में सवार यात्री सैफई की ओर जा रहे थे, तभी अचानक पीछे से आ रहे ट्रक (नंबर UP75BT5384) का टायर फट गया और ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो में जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में बैठे सभी लोग उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी ले जाया गया।
इस दुर्घटना में झींगुरपुर, थाना सैफई निवासी 65 वर्षीय सदाबिहारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी सुहागा (65 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके अलावा ऑटो में सवार विनीता, रश्मि और साहिल भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत स्थिर है, लेकिन निगरानी में रखा गया है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। सैफई थाना पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है और जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
This Quiz helps us to increase our knowledge