Feedback
फ्लाईदुबई (Flydubai) संयुक्त अरब अमीरात की सरकारी स्वामित्व वाली एविएशन कंपनी है, जिसका पूरा नाम दुबई एविएशन कॉरपोरेशन है. इसका मुख्यालय दुबई में है और यह दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपनी अधिकतर उड़ानें संचालित करती है. कंपनी की स्थापना दुबई सरकार ने जुलाई 2008 में की थी. हालांकि यह अमीरात समूह का हिस्सा नहीं है, लेकिन स्थापना के शुरुआती दौर में अमीरात एयरलाइन ने फ्लाईदुबई को सहयोग दिया था.
फ्लाईदुबई ने जून 2009 में नियमित यात्री उड़ानों का संचालन शुरू किया. इसकी शुरुआती उड़ानों में दुबई से बेरूत और अम्मान के लिए सेवाएं शामिल थीं. समय के साथ कंपनी ने अपने मार्गों का विस्तार किया और मध्य पूर्व के साथ अफ्रीका, एशिया तथा यूरोप के कई शहरों को दुबई से जोड़ा.
फ्लाईदुबई के बेड़े में बोइंग 737 श्रेणी के विमान शामिल हैं. सितंबर 2026 में कंपनी ने बताया था कि उसके बेड़े में 98 बोइंग 737 विमान हैं, जिनमें बोइंग 737-800, बोइंग 737 मैक्स 8 और बोइंग 737 मैक्स 9 शामिल हैं. कंपनी के अनुसार उसने 2009 में संचालन शुरू करने के बाद 137 मिलियन से अधिक यात्रियों को सेवा दी है.
फ्लाईदुबई के इतिहास में कुछ गंभीर एविएशन घटनाएं भी दर्ज हैं. 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट 1073 को विमान के कॉकपिट में हुई गंभीर घटना के बाद सऊदी अरब के तबूक की ओर मोड़ा गया. खबर है कि कॉकपिट में भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छार और उनके ओमानी सह-पायलट के बीच हिंसक घटना हुई. रिपोर्टों के अनुसार, सह-पायलट ने स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए. विमान ने आपातकालीन संकेत भेजे और सुरक्षित रूप से तबूक में उतरा. घटना के कारण और परिस्थितियों की जांच की जा रही है.
26 जनवरी 2015 को दुबई से बगदाद जा रही फ्लाइट पर बगदाद हवाई अड्डे के पास गोली चली थी. विमान सुरक्षित उतर गया था. 19 मार्च 2016 को फ्लाईदुबई की फ्लाइट 981 रूस के रोस्तोव-ऑन-डॉन हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें विमान में सवार सभी 62 लोगों की मृत्यु हुई थी. जांच में दुर्घटना के लिए पायलट से जुड़ी ‘एरर’ को प्रमुख कारण बताया गया था.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू