gorakhpur news
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में कोरोना के दस्तक के बाद स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुट गया है। सीएमओ डॉ राजेश झा ने रविवार को बरही सीएचसी और राजी जगदीशपुर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। बरही सीएचसी में उन्होंने एक्स-रे टेबल की व्यवस्था की पहल की, जिससे दो दिन के भीतर वहां पैर और पेट आदि का एक्स रे भी शुरू हो जाएगा। वहीं राजी जगदीशपुर में उन्होंने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले को देखा और मरीजों से भी बातचीत की। सीएमओ के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ राजेश ने हरनही अस्पताल का निरीक्षण किया और वहां पर ऑक्सीजन प्लांट शुरू करवा दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बरही सीएचसी के निरीक्षण के दौरान भवन और सफाई व्यवस्था दुरुस्त मिली। उन्होंने प्रसव कक्ष, एक्सरे, ओपीडी और डेंटल की सुविधाओं का जायजा मिला। उन्हें बताया गया कि इस अस्पताल में चेस्ट आदि के एक्स रे पहले से हो रहे थे, लेकिन टेबल के अभाव में कुछ एक्स रे नहीं हो पा रहे थे। सीएमओ ने दो दिन के भीतर टेबल का इंतजाम कर एक्स रे शुरू करने को कहा। उन्होंने सीएचसी कैम्पस में बने पचास बेड के कोविड अस्पताल के भवन को भी देखा और अतिशीघ्र गैप्स दूर करके भवन का इस्तेमाल गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा में करने का निर्देश दिया। सीएमओ डॉ राजेश झा ने बताया कि बरही सीएचसी में सुविधाएं ठीक हैं, प्रबंधन को बेहतर बनाया जाएगा ताकि समुदाय को बेहतर सेवा मिल सके।
डॉ झा ने बताया कि बिजली संबंधी तकनीकी दिक्कत के कारण हरनही ऑक्सीजन प्लांट शनिवार को नहीं चल पाया था। उस कमी को डिप्टी सीएमओ डॉ राजेश ने दूर करवा कर अपने सामने प्लांट का संचालन करवाया है। राजी जगदीशपुर आरोग्य स्वास्थ्य मेले में सबकुछ ठीकठाक पाया गया। वहां डॉक्टर और अन्य सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। मरीजों को दवाएं दी जा रही थीं।
उन्होंने उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने में कोई भी बाधा आए तो तुरंत सूचित करें और अपने स्तर से कदम उठाएं। अस्पताल के पास उपलब्ध फंड से मरीजों के हित से जुड़ी छोटी मोटी चीजों का निर्धारित नियमों के अनुसार त्वरित प्रबंध कर लिया जाए। निरीक्षण के दौरान ब्रह्मपुर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ ईश्वर लाल, बरही सीएचसी के अधीक्षक डॉ एसके मिश्रा, आदिल फखर आदि प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।
This Quiz helps us to increase our knowledge
कंटेंट राइटर
मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।