By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company’s Terms & Conditions and Privacy Policy.
India Women beat South Africa Women: साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20 सीरीज में भारत ने अपनी पहली जीत दर्ज की. ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा की कमाल की बदौलत उसने चौथे T20 में साउथ अफ्रीका को 14 रन से हरा दिया. भारत को जीत दिलाने में दीप्ति शर्मा ने अपना योगदान बल्ले और गेंद दोनों से दिया. उन्होंने कुछ ऐसा करके दिखाया, जैसा पूरे T20 करियर में पहले नहीं किया था. यूपी पुलिस में DSP के पद पर तैनात दीप्ति शर्मा को उस बेमिसाल प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
चौथे T20I में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 5 विकेट पर 185 रन बनाए. भारत की ओर से सबसे ज्यादा 43 रन जेमिमा रोड्रिग्ज के बल्ले से निकले. वहीं आखिर में दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष की तेज-तर्रार पारियों ने टीम के स्कोर को 185 तक पहुंचाने में मदद की. दीप्ति शर्मा ने 26 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाए. वहीं ऋचा घोष ने 18 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए. इन दोनों बल्लेबाजों ने 5-5 चौके मारे. ऋचा के बल्ले से एक छक्का भी निकला.
साउथ अफ्रीका के सामने चौथे T20 को जीतने के लिए 186 रन का लक्ष्य था, जिसका पीछा करने वो उतरीं तो दीप्ति शर्मा उनकी राह में आ गई. साउथ अफ्रीका का पहला विकेट गिराने का काम तो उसके इनफॉर्म कप्तान लॉरा वुल्फार्ट को आउट कर तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने किया. मगर उसके बाद दीप्ति शर्मा की स्पिन ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया. जहां क्रांति गौड़, काश्वी गौतम, श्री चरणी और शेफाली वर्मा ने 1-1 विकेट झटके. वहीं दीप्ति शर्मा ने अकेले ही साउथ अफ्रीका की आधी टीम को साफ कर दिया. नतीजा ये हुआ कि साउथ अफ्रीका की टीम चौथे T20 में 186 रन के लक्ष्य के आगे 20 ओवर में 9 विकेट पर 171 रन ही बना सकी.
दीप्ति शर्मा ने 4 ओवर में 19 रन देकर 5 विकेट लिए और इस तरह अपने T20 करियर का बेस्ट प्रदर्शन किया. बल्ले से 36 रन बनाने और फिर गेंद से 5 विकेट लेने के चलते दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
भारत और साउथ अफ्रीका की महिला टीमों के बीच 5 T20 मैचों की सीरीज खेली जा रही है. मेजबान साउथ अफ्रीका ने शुरुआती 3 T20 जीतकर सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली है. जोहानिसबर्ग में खेला चौथा T20 जीत भारत ने ना सिर्फ क्लीन स्वीप के खतरे को टाला है. बल्कि सीरीज को फिलहाल 1-3 पर ला खड़ा किया है. सीरीज का 5वां और आखिरी T20 बेनोनी में 27 अप्रैल को खेला जाएगा.
टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.