India-US Trade Deal, Tariff Live Updates: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा भारत पर लगाए गए 25% टैरिफ को लेकर देश भर में जबरदस्त हलचल है। मोदी सरकार ने ट्रंप के टैरिफ बम के जवाब में कहा है कि उसके लिए राष्ट्रीय हित सबसे पहले हैं और वह सभी जरूरी कदम उठाएगी जबकि विपक्ष ने ट्रंप के इस ऐलान के बाद मोदी सरकार पर हमला बोल दिया है।
ट्रंप ने यह ऐलान करते हुए भारत को अपना दोस्त भी बताया लेकिन रूस और चीन के साथ कारोबार करने को लेकर नाराजगी जताई। सवाल यह है कि आखिर ट्रंप ने 25% टैरिफ लगाने का ऐलान ऐसे वक्त में क्यों किया जब भारत और अमेरिका के बीच पहले से ही ट्रेड डील को लेकर बातचीत चल रही है। अब सारी नजर मोदी सरकार के अगले कदम पर है।
पिछले कुछ महीनों में राष्ट्रपति ट्रंप तमाम देशों पर टैरिफ लगाने को लेकर दुनिया भर में काफी चर्चित रहे हैं। नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के राजनीतिक रिश्ते काफी बेहतर माने जाते हैं लेकिन बावजूद उसके ट्रंप ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर बहुत सारे सवाल खड़े हो रहे हैं।
पिछले कुछ महीनों में भारत में डोनाल्ड ट्रंप के बयानों को लेकर काफी विवाद हो चुका है। ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के संघर्ष के बाद हुए सीजफायर का क्रेडिट लेने की कोशिश की है। संसद के मानसून सत्र में इसे लेकर काफी हंगामा हो चुका है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “हम अभी उनसे बात कर रहे हैं। देखते हैं क्या होता है। भारत दुनिया में सबसे अधिक या लगभग सबसे अधिक टैरिफ लगाने वाला देश था। देखते हैं। हम अभी भारत के साथ बातचीत कर रहे हैं।”
https://twitter.com/ANI/status/1950621267973083193
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा पर आप सांसद अशोक कुमार मित्तल ने कहा, “मुझे यह बहुत निराशाजनक लगता है। हम उम्मीद कर रहे थे कि अमेरिका हमारा अच्छा दोस्त होगा और भारत से अमेरिका निर्यात होने वाले उत्पादों पर इस तरह का टैरिफ नहीं लगाएगा। यह वास्तव में बहुत निराशाजनक है। 25% टैरिफ के अलावा, कुछ दंडात्मक प्रावधान भी हैं। यह हमारे व्यापारिक समुदाय और हमारे निर्यात समुदाय के लिए निराशाजनक होगा। मुझे उम्मीद है कि वे इसकी समीक्षा करेंगे और इसे वापस लेंगे और इसे पिछले स्तर पर लाएंगे।”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारत पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, “…तारीफ ही तारीफ में टैरिफ लग गया और हाउडी मोदी और नमस्ते ट्रंप का कोई फायदा नहीं हुआ। ट्रंप ने 30 बार दावा किया कि उन्होंने युद्धविराम करवाया और इसलिए करवाया था ताकि भारत-अमेरिका के बीच में अच्छा व्यापार समझौता हो। लेकिन वो नहीं हुआ आज ही घोषणा की कि 25% टैरिफ लगेगी और पेनल्टी भी लगेगी…तो हमें इस दोस्ती से क्या मिला? पीएम मोदी चुप हैं…हमारे देश के लिए ये बहुत बड़ा धक्का है…”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारत पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, “हम कल तक उम्मीद लगाकर बैठे हुए थे कि पीएम मोदी कहेंगे कि ट्रंप युद्धविराम पर झूठ बोल रहे हैं..हमें लगा ट्रेड डील से डरे हुए हैं इसलिए वे नहीं बोल रहे हैं तो अब तो ट्रेड डील भी आ गई…ये कौन सी विदेश नीति है आप मनमोहन सिंह जी के समय को देखें, हम न्यूक्लियर वेवर लाए, कोई ट्रैरिफ, कोई विवाद हमने नहीं होने दिया….आपकी विदेश नीति, सुरक्षा नीति, व्यापार नीति हर चीज पर बहुत बड़ा सवाल है आप पर अब भरोसा खत्म हो चुका है क्योंकि आप हर जगह फेल होते दिख रहे हैं..’
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, “अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप यह तय नहीं कर सकते कि हम कहां से तेल और अन्य चीजें खरीदेंगे। पीएम को राजनीतिक झटका लगा है, और हमारी अर्थव्यवस्था को आज झटका लगा है। हम सरकार से सवाल करते रहेंगे। पीएम आज राज्यसभा में नहीं आए।”
ट्रंप टैरिफ पर भारत ने जवाब दिया है। भारत सरकार ने प्रेस रिलीज़ जारी कर कहा कि सरकार ने द्विपक्षीय व्यापार पर अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान पर ध्यान दिया है। सरकार इसके परिणामों का अध्ययन कर रही है। सरकार ने कहा, “भारत और अमेरिका पिछले कुछ महीनों से एक निष्पक्ष, संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर पहुंचने के लिए बातचीत कर रहे हैं। हम इस उद्देश्य के प्रति प्रतिबद्ध हैं। सरकार हमारे किसानों, उद्यमियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के कल्याण की रक्षा को सर्वोच्च महत्व देती है। सरकार हमारे राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी, जैसा कि ब्रिटेन के साथ हुए व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते सहित अन्य व्यापार समझौतों के मामले में किया गया है।”
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, “राहुल गांधी ने पहले ही इस बारे में चेतावनी दी थी। यह हमारी अर्थव्यवस्था, निर्यात, उत्पादन और बदले में हमारी नौकरियों और रोजगार को प्रभावित करने वाला है। हम अमेरिका को फार्मास्यूटिकल्स निर्यात करते हैं और 25% टैरिफ के साथ, वे महंगे हो जाएंगे, जिसके परिणामस्वरूप मांग में कमी आएगी। इसके कारण परिणामस्वरूप उत्पादन और रोजगार कम होगा। यह हमारी विफल विदेश नीति का परिणाम है। आपने ‘अबकी बार ट्रंप सरकार’ का नारा दिया, लेकिन उन्होंने हमारे लोगों को बेड़ियों में जकड़ दिया। 30 बार कहा कि उन्होंने युद्धविराम की घोषणा की है। पीएम मोदी के पास इसका क्या जवाब है? सरकार ने इसके लिए किसी न किसी तरह से तैयारी की होगी; सभी क्षेत्र इससे प्रभावित होंगे।”
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद कहा कि किसी तीसरे पक्ष का हस्तक्षेप नहीं है। उसके 10 घंटे के भीतर ही राष्ट्रपति ट्रंप ने दो बार अपनी संलिप्तता दोहराई। एक लक्ष्मण रेखा खींची जानी चाहिए। जब व्यापार समझौता चल रहा है और उन्होंने इन शब्दों में व्यापार टैरिफ की घोषणा की है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। हम सभी उम्मीद कर रहे थे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यसभा में जवाब देंगे, लेकिन इसके बजाय गृह मंत्री बोल रहे हैं।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर 25% टैरिफ लगाया। इसपर कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, “यह अमेरिका का बहुत गलत कदम है। सरकार ट्रंप को दोस्त मानती है, लेकिन उन्होंने असल में हमें तमाचा मारा है। इससे भारतीय व्यापारियों को नुकसान होगा। हम संसद में सभी मुद्दे उठाएंगे। जब भारत-अमेरिका के बीच इतनी दोस्ती है, तो डोनाल्ड ट्रंप भारत को परेशान क्यों कर रहे हैं?”
आप सांसद संजय सिंह ने कहा, “टैरिफ की धमकियों के अलावा, वह हर दिन भारत का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने एप्पल को भारत में आईफोन बनाने से भी मना किया है। उन्होंने यहां तक कहा है कि वह पाकिस्तान से प्यार करते हैं और भारत को इस बारे में सोचना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस कदम का कड़ा विरोध करना चाहिए और अपना अगला कदम स्पष्ट करना चाहिए।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर 25% टैरिफ लागू किया। इसपर कांग्रेस सांसद सप्तगिरी उलाका ने कहा, “यह दुखद खबर है। मुझे लगता है कि हमें इससे नुकसान होगा। सरकार को इस पर चर्चा करनी चाहिए।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारत पर 25% टैरिफ लगाए जाने पर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “निश्चित रूप से भारत सरकार इसका संज्ञान लेगी। हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि भारत सरकार इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है। मेरी निजी राय में यह दुर्भाग्यपूर्ण है।”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के चीन और रूस के साथ व्यापार करने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा अधिकांश सैन्य उपकरण रूस से खरीदे हैं और वह चीन से भी व्यापार करता है। ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच सब कुछ ठीक नहीं है।