Feedback
आज ज्येष्ठ अधिक मास की पूर्णिमा तिथि है. पूर्णिमा को हिंदू धर्म में अत्यंत पुण्यदायी तिथि माना गया है. हरिद्वार के ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी ने इस तिथि का महत्व और पूजन विधि के बारे में बताया है. उन्होंने बताया कि इस दिन व्रत, स्नान और दान करने से आरोग्य, सौभाग्य और सुख-समृद्धि का वरदान मिलता है. विशेष रूप से विवाहित महिलाओं के लिए यह दिन पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और दांपत्य जीवन की सुख-समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है.
स्नान और दान से पुण्य की प्राप्ति
इस वर्ष ज्येष्ठ मास में अधिक मास होने के कारण दो पूर्णिमाएं पड़ रही हैं. धार्मिक दृष्टि से अधिक मास की पूर्णिमा भी अत्यंत पुण्यदायी मानी गई है. ज्येष्ठ अधिक पूर्णिमा पर गंगा या अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है. यदि किसी कारण से तीर्थ स्नान संभव न हो तो पवित्र जल से स्नान और संध्या वंदन भी शुभ माना गया है. इस दिन किए गए दान-पुण्य को भी अत्यंत फलदायी बताया गया है.
ज्येष्ठ पूर्णिमा को लेकर मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा, सेवा, दान और पूजा-पाठ के माध्यम से व्यक्ति आध्यात्मिक लाभ के साथ-साथ पारिवारिक सुख, स्वास्थ्य और सौभाग्य की कामना कर सकता है.
ज्येष्ठ अधिक पूर्णिमा पर क्या दान करें?
ज्येष्ठ अधिक पूर्णिमा पर जलयुक्त फलों का दान करना बहुत शुभ माना गया है. इसमें आप तरबूज, खरबूजा, खीरा या गन्ने के रस का दान कर सकते हैं. इस दिन गरीबों को मालपुए का दान और भोजन कराना भी शुभ माना गया है. मान्यता है कि इससे परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है और आने वाली पीढ़ियों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है.
स्नान-दान के शुभ मुहूर्त
ब्रह्म मुहूर्त- सुबह 4:34 बजे से सुबह 5:17 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त- दोपहर 12:10 बजे से दोपहर 1:03 बजे तक
विजय मुहूर्त- दोपहर 2:48 बजे से दोपहर 3:41 बजे तक
वास्तु दोष से राहत का उपाय
यदि किसी व्यक्ति को घर में वास्तु संबंधी समस्याओं का अनुभव हो रहा हो तो ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन वट वृक्ष का पौधा लगाकर उसका पूजन किया जा सकता है. परंपरा के अनुसार, एक वर्ष तक उसकी सेवा करने के बाद उसे किसी मंदिर या जल स्रोत के निकट सुरक्षित स्थान पर स्थापित कर देना चाहिए. ऐसा करने से घर में पैदा हुए किसी भी प्रकार के वास्तु दोष का प्रभाव काफी हद तक कम हो जाता है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू