लखनऊ (ब्यूरो)। एलयू के कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड क्राफ्ट्स में चल रही सीएपीएस की छठी ऑल इंडिया फोटोग्राफी एग्जिबिशन में तस्वीरों के जरिए जिंदगी के अलग-अलग रंग देखने को मिले। तीन दिवसीय प्रदर्शनी का गुरुवार को समापन हो गया। यहां देशभर के फोटोग्राफरों की तस्वीरों ने कला प्रेमियों और युवाओं का ध्यान खींचा। यहां पहुंचे युवाओं ने कहा कि प्रदर्शनी में लगी तस्वीरें सिर्फ देखने के लिए नहीं, बल्कि उनके पीछे छिपी कहानी और फोटोग्राफर के नजरिए को समझने का मौका देती हैं।
बोले यंगस्टर्स
प्रदर्शनी में प्रोडक्ट, फैशन, नेचर और डॉक्यूमेंट्री फोटोग्राफी प्रमुख हैं। कई तस्वीरें लखनऊ की हैं, लेकिन इन्हें फोटोग्राफरों ने अपने अलग नजरिए से कैमरे में कैद किया है।
-वरिशा हसन
सीएपीएस की ओर से आयोजित प्रदर्शनी और दो वर्कशॉप का अनुभव काफी अच्छा रहा। मेरी भी दो तस्वीरें प्रदर्शनी में शामिल हैं। तस्वीरें इंसान के सोचने के नजरिये को प्रस्तुत करती हैं।
-आयुष
प्रदर्शनी में अन्य कॉलेजों के विद्यार्थियों, प्रोफेशनल फोटोग्राफरों और बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के फोटोग्राफी करने वाले लोगों को भी तस्वीरें प्रदर्शित करने का मौका मिला।
– रितेश कपूर
तीन दिवसीय प्रदर्शनी में देशभर के फोटोग्राफरों का काम देखने को मिला। हर कलाकार की तस्वीर में कुछ अलग देखने और सीखने को मिला है। यहां काफी कुछ नया दिखा है।
-गुड़िया
मैंने इसी कॉलेज से बैचलर्स और मास्टर्स इन फाइन आर्ट्स की पढ़ाई की है। आज उसी कॉलेज में आकर युवा पीढ़ी से मिलने और अपना अनुभव साझा करने का मौका मिला, यह मेरे लिए अच्छा अनुभव रहा।
–डॉ। तनुश्री श्रीवास्तव, डीन, फाइन आर्ट्स डिपार्टमेंट, एएएफटी यूनिवर्सिटी, नोएडा
मैं निफ्ट रायबरेली में असिस्टेंट प्रोफेसर हूं और इसी कॉलेज का पूर्व छात्र रहा हूं। यहां फैशन फोटोग्राफी और तस्वीरों के माध्यम से फैशन को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के बारे में जानकारी साझा करने का अवसर मिला।
-सचिन वर्मा, प्रोफेसर , एनआईएफटी, रायबरेली
Copyright © 2026. All Rights Reserved